‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान शुरू करेगी CJP, शिक्षा होगा पहला मुद्दा; अभिजीत डिपके ने बढ़ती फीस पर उठाए सवाल

देशभर में लोगों की समस्याओं को समझने के लिए Cockroach Janta Party (CJP) ने नए जनसंपर्क अभियान ‘क्या बोलती पब्लिक’ की घोषणा की है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत डिपके ने गुरुवार को कहा कि इस अभियान का पहला फोकस शिक्षा होगा। उनका दावा है कि स्कूल, कॉलेज और कोचिंग की बढ़ती फीस के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आम परिवारों की पहुंच से बाहर होती जा रही है।
देशभर में लोगों से जुड़े मुद्दों पर चलेगा अभियान
अभिजीत डिपके ने कहा कि ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर लोगों की समस्याओं को समझना और उन्हें प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत शिक्षा से जुड़े मुद्दों के साथ की जाएगी।
स्कूल और कॉलेज फीस को लेकर जताई चिंता
डिपके ने आरोप लगाया कि निजी स्कूलों की फीस लगातार बढ़ रही है। उनके अनुसार, कई स्कूलों में पहली कक्षा की वार्षिक फीस 1 लाख से 2 लाख रुपये तक पहुंच गई है। इसके अलावा एडमिशन के समय डोनेशन भी लिया जाता है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मध्यम और निम्न आय वाले परिवार इतने अधिक खर्च का इंतजाम कैसे करें।
कोचिंग फीस से बढ़ रहा आर्थिक बोझ
CJP संस्थापक ने कहा कि केवल स्कूल ही नहीं, बल्कि कॉलेज और कोचिंग संस्थानों की फीस भी लगातार बढ़ रही है। उनका दावा है कि उच्च शिक्षा के लिए कई परिवारों को कर्ज लेना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि बच्चों की पढ़ाई के लिए माता-पिता पर आर्थिक बोझ कम हो और उच्च शिक्षा सभी के लिए अधिक सुलभ बने।
डॉ. बी.आर. आंबेडकर का किया जिक्र
अभिजीत डिपके ने अपने संबोधन में डॉ. भीमराव आंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा एक मौलिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा अधिकार से अधिक एक व्यवसाय का रूप लेती जा रही है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है ताकि हर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
शिक्षा सुधार को प्रमुख मुद्दा बनाएगी पार्टी
डिपके के अनुसार, शिक्षा सुधार CJP के प्रमुख अभियानों में शामिल रहेगा। पार्टी का कहना है कि वह देशभर में लोगों से संवाद कर शिक्षा से जुड़े मुद्दों और अन्य जनसमस्याओं पर सुझाव जुटाएगी।




