CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को मिली सशर्त जमानत, दिल्ली में शांति बॉन्ड साइन करने के बाद होंगे रिहा

नई दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मजिस्ट्रेट (SEM कोर्ट) के समक्ष पेश किया गया।अभिजीत दीपके को अदालत से सशर्त जमानत (Conditional Bail) मिल गई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, शांति बॉन्ड (Peace Bond) पर हस्ताक्षर करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।
नेहा बोरा ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
रिहाई के बाद AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पूरी रात थाने में रखा जा रहा है और फिर अगली सुबह या शाम को रिहा किया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि लोगों को पूरी रात हिरासत में रखने के लिए किस कानून या आदेश का इस्तेमाल किया जा रहा है।
नेहा बोरा ने कहा कि मौजूदा आंदोलन ने प्रदर्शनकारियों के साथ हो रहे व्यवहार को सामने लाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली के कई रास्ते बंद होने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू करने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक लगाने की मांग की। उनके मुताबिक, इससे लोगों के मतदान के अधिकार सुरक्षित रह सकेंगे।
निषेधाज्ञा के उल्लंघन पर एफआईआर दर्ज
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के अन्य इलाकों में निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में कई एफआईआर दर्ज कीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कनॉट प्लेस के आसपास लोगों की भीड़ जमा हुई थी।
पुलिस ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जारी निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि बार-बार नियम तोड़ने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।
अभिजीत दिपके की पेशी से पहले सुरक्षा बढ़ाई गई
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को शनिवार को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में स्थित विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) के सामने पेश किया जाना है। इसे देखते हुए पुलिस स्टेशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि दिपके को दोपहर करीब 12 बजे SEM के सामने पेश किया जाएगा। यह कार्रवाई मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे आंदोलन और ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से जुड़े घटनाक्रम के बीच हो रही है।