लद्दाख की 28 जगहों के नाम तय करने पर भड़का चीन, भारत ने दिया करारा जवाब

भारत ने मंगलवार को लद्दाख की 28 भौगोलिक जगहों के नाम तय करने के फैसले पर चीन की आपत्ति खारिज कर दी। भारत ने साफ कहा कि लद्दाख देश का अभिन्न हिस्सा है और चीन के दावे इस सच्चाई को नहीं बदल सकते। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने चीन की प्रतिक्रिया पर जवाब देते हुए कहा कि लद्दाख को लेकर भारत का रुख पहले जैसा ही है। उन्होंने कहा, “चीन की ओर से कितना भी इनकार किया जाए, इससे यह स्थापित तथ्य नहीं बदल सकता।”
यह विवाद तब सामने आया, जब भारत ने लद्दाख की 28 जगहों और भौगोलिक विशेषताओं के नाम तय करके उन्हें भारतीय सर्वेक्षण विभाग के आधिकारिक नक्शों में शामिल करने का फैसला किया। चीन ने इस कदम का विरोध करते हुए इसे अवैध और अमान्य बताया था। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने दावा किया था कि भारत-चीन सीमा के पश्चिमी हिस्से में मौजूद ये क्षेत्र चीन के हैं। बीजिंग ने भारत पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया।
स्थानीय लोगों से चर्चा के बाद तय किए गए नाम
भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इन जगहों के नाम तय करने की प्रक्रिया लद्दाख प्रशासन और स्थानीय लोगों से चर्चा के बाद पूरी की गई। इसका मकसद भौगोलिक स्थानों की पहचान को एक समान बनाना और लोगों को उनके बारे में सही जानकारी देना है।
गृह मंत्रालय ने 2 अक्टूबर को इन 28 जगहों के नामों को मानकीकृत करने की घोषणा की थी। इस सूची में पहाड़ों की चोटियां, पहाड़ी दर्रे, ग्लेशियर, घाटियां, नदियां, झीलें और अन्य भौगोलिक क्षेत्र शामिल हैं।
सूची में गोगरा और हॉट स्प्रिंग जैसे इलाके भी शामिल
इस सूची में गोगरा और हॉट स्प्रिंग जैसे इलाके भी शामिल हैं, जो 2020 में पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच हुए सैन्य गतिरोध के दौरान चर्चा में रहे थे। इसके अलावा, देहरा कम्पास, जोरावर पीक, कनिष्क पीक, परपिक ग्लेशियर और शकोर्गा घाटी जैसी जगहों के नाम भी शामिल किए गए हैं। अपडेट किए गए नक्शे में गुरु रिनपोछे झील और यांगपा नदी जैसी भौगोलिक विशेषताओं को भी जगह दी गई है।
LAC पर जारी है भारत-चीन के बीच विवाद
भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) को लेकर लंबे समय से सीमा विवाद चल रहा है। खासकर पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय दावों को लेकर मतभेद बने हुए हैं। भारत लगातार अपने क्षेत्र पर चीन के दावों को खारिज करता रहा है। भारत का कहना है कि किसी जगह के नाम पर विवाद करने या उसे लेकर दावा जताने से उस क्षेत्र पर भारत की संप्रभुता नहीं बदलती।