भारत

“बिहार ने उड़ा दिया गर्दा! NDA की प्रचंड जीत पर दिल्ली में जश्न, मोदी बोले— फिर एक बार NDA सरकार”

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA की प्रचंड जीत के बाद बीजेपी के दिल्ली मुख्यालय में जश्न का माहौल है. विजय समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधन देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने इस बार ऐसा जनादेश दिया है जो अटूट विश्वास और अभूतपूर्व समर्थन का प्रतीक है. उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत जय छठी मैया के जयकारे के साथ की और कहा कि बिहार के लोगों ने बिल्कुल गर्द उड़ा दिया.”

प्रधानमंत्री मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा कि बिहार के हर घर में आज मखाने की खीर जरूर बनी होगी. उन्होंने बताया कि पार्टी मुख्यालय में भी कार्यकर्ताओं को मखाना की खीर खिलाई गई. प्रधानमंत्री ने कहा, हम NDA के लोग जनता जनार्दन के सेवक हैं. मेहनत से लोगों का दिल जीतते हैं, और जनता तो हमारा दिल पहले ही चुरा चुकी है. इसलिए आज बिहार ने साबित कर दिया—फिर एक बार NDA सरकार.”

चुनावी बयानबाज़ी की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने बार-बार जंगलराज और ‘कट्टा सरकार’ की बात उठाई थी. उनका कहना था कि RJD की ओर से तो इसपर कोई आपत्ति नहीं आई, लेकिन कांग्रेस को ये बातें बहुत चुभीं. उन्होंने दोबारा दोहराया कि कट्टा सरकार अब बिहार में कभी वापस नहीं आएगी.”

मोदी ने बताया कि बिहार की जनता ने विकास और समृद्धि के लिए मतदान किया है. उन्होंने याद दिलाया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड वोटिंग की अपील की थी, और इस बार बिहार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. उनके मुताबिक, जनता ने सिर्फ वोट नहीं दिया बल्कि NDA को प्रचंड जनसमर्थन देकर उनके आग्रह को पूरा किया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2010 के बाद NDA को यह सबसे बड़ा जनादेश मिला है. उन्होंने विनम्रता के साथ बिहार की जनता को धन्यवाद देते हुए लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को नमन किया. मोदी ने याद दिलाया कि उन्होंने अपने चुनाव अभियान की शुरुआत कर्पूरी ठाकुर के गांव से की थी और अब यह जीत उन्हें बिहार के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पित कर रही है.

अपने संबोधन में उन्होंने एक पुरानी कहावत का ज़िक्र करते हुए कहा कि जैसे लोहा लोहे को काटता है,” वैसे ही बिहार में कुछ दलों ने तुष्टिकरण का एमवाई फॉर्मूला गढ़ा था. लेकिन इस चुनाव ने एक नया और सकारात्मक एमवाई फॉर्मूला दिया है— महिला और यूथ.

प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के नगरोटा और ओडिशा के ग्वालपारा की जनता को भी NDA के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि आज सिर्फ NDA की जीत नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की जीत हुई है. इस चुनाव ने भारत के चुनाव आयोग पर जनता के भरोसे को और मजबूत किया है. बढ़ते मतदान और वंचित वर्गों की बड़ी भागीदारी को उन्होंने चुनाव आयोग की बड़ी उपलब्धि बताया.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button