ईद पर सलमान खान की ‘सिकंदर’ का जश्न, सिनेमाघरों में लगा फैंस का मेला!

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और रश्मिका मंदाना की मोस्ट अवेटेड एक्शन ड्रामा ‘सिकंदर’ आखिरकार 30 मार्च, रविवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। ए.आर. मुरुगादॉस के निर्देशन में बनी इस फिल्म को ईद के मौके पर बड़े पर्दे पर उतारा गया है। लंबे समय बाद सलमान खान बड़ी स्क्रीन पर फुल-फ्लेज्ड एक्शन अवतार में लौटे हैं, जिससे उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। ‘टाइगर 3’ के बाद यह सलमान की पहली मेन लीड फिल्म है, जिसे बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत मिली है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, साजिद नाडियाडवाला की प्रोडक्शन फिल्म ‘सिकंदर’ ने रिलीज के साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। इसे भारत में 5500 से अधिक स्क्रीन पर रिलीज किया गया है और 22,000 से ज्यादा शो मिले हैं, जो किसी भी बॉलीवुड फिल्म के लिए अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। फ़िलहाल, ऑनलाइन 19,000 से ज्यादा शो लिस्टेड हैं और थिएटरों में 3,000 अतिरिक्त शो जोड़े जा सकते हैं, जहां अभी ऑनलाइन बुकिंग उपलब्ध नहीं है।
एडवांस बुकिंग के मामले में भी ‘सिकंदर’ ने शानदार प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 29 मार्च की शाम 8 बजे तक, फिल्म ने 9 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली थी और 300,000 से अधिक टिकटें बिकी थीं। हालांकि, यह आंकड़ा विक्की कौशल की ‘छावा’ से कम है, लेकिन ‘सिकंदर’ को साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म माना जा रहा है।
आमतौर पर फिल्में शुक्रवार को रिलीज की जाती हैं, लेकिन सलमान खान ने ‘सिकंदर’ को रविवार को रिलीज करने का फैसला किया। इसके पीछे ईद और वीक डेज का असर एक बड़ी वजह मानी जा रही है। मेकर्स का मानना है कि फिल्म पूरे हफ्ते शानदार कमाई कर सकती है, जिससे इसका बॉक्स ऑफिस पर लंबा दबदबा बना रहेगा।
‘सिकंदर’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। सलमान खान के दमदार एक्शन, स्टाइलिश लुक और रोमांचक स्टोरीलाइन के चलते फिल्म से रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘सिकंदर’ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना पाएगी?





