म्यांमार में भूकंप राहत के लिए 22 अप्रैल तक संघर्ष विराम की घोषणा

म्यांमार की सत्तारूढ़ सेना ने देश में भूकंप राहत प्रयासों को सुचारू बनाने के लिए 22 अप्रैल तक गृह युद्ध में संघर्ष विराम की घोषणा की है। गौरतलब है कि म्यांमार 2021 से भीषण गृह युद्ध की चपेट में है। एक स्थानीय टीवी चैनल के अनुसार, सेना ने मानवीय सहायता को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। हालांकि, सेना ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि विद्रोही समूह इस अवधि में हमले करते हैं या अपनी सैन्य शक्ति बढ़ाने का प्रयास करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले, सैन्य शासन के खिलाफ लड़ रहे दो प्रमुख सशस्त्र संगठनों ने भी युद्धविराम की घोषणा की थी, लेकिन सेना ने प्रारंभ में हमले जारी रखे थे। यह संघर्ष विराम मानवीय राहत कार्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बुधवार को राहत एवं बचाव दल ने म्यांमार की राजधानी नैप्यीडॉ में एक होटल के मलबे से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से एक 26 वर्षीय नाइंग लिन टुन था, जो लगभग 108 घंटे तक मलबे के नीचे फंसा रहा। एंडोस्कोपिक कैमरे की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया और फिर सावधानीपूर्वक उसे बाहर निकाला गया।
इस चमत्कारी बचाव अभियान से राहत दलों को नई ऊर्जा मिली है और वे अन्य फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए पूरी ताकत से जुटे हुए हैं।





