दिशा सालियान मौत मामले में CBI ने दर्ज की FIR, बॉम्बे HC के निर्देश पर शुरू हुई जांच

मुंबई: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने FIR दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद की गई है। CBI अब दिशा की मौत से जुड़े हालात की विस्तृत जांच करेगी।
दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई में एक इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई थी। उनकी मौत के कुछ दिन बाद ही सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए थे। शुरुआत में दिशा की मौत को हादसा माना गया था और इस मामले में Accidental Death Report (ADR) दर्ज की गई थी।
हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट ने ADR के आधार पर मामले को लेकर सवाल उठाए थे। कोर्ट ने दिशा के परिवार की उन आशंकाओं पर भी ध्यान दिया, जिसमें उनकी मौत को हत्या बताया गया था। कोर्ट के सामने यह भी बात रखी गई कि दिशा के परिवार को उनकी मौत के करीब पांच साल बाद तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और ADR की कॉपी नहीं मिली थी।
दिशा के पिता सतीश सालियान ने जांच अधिकारियों को कई लोगों के नाम और उनके बारे में जानकारी दी है, जिन्हें वह मामले के लिए महत्वपूर्ण मानते हैं। इनमें आदित्य, सूरज पंचोली और डिनो मोरिया के साथ उनके बॉडीगार्ड्स के नाम भी शामिल हैं। सतीश सालियान ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अब जांच जल्द शुरू होगी और सच्चाई सामने आएगी।
वहीं, सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने भी CBI जांच का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि जांच शुरू होने से सुशांत के फैंस के बीच एक बार फिर उम्मीद जगी है और सच्चाई को हमेशा दबाकर नहीं रखा जा सकता।
CBI की जांच में दिशा सालियान की मौत से पहले और उसके बाद की परिस्थितियों के साथ-साथ उनके परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी।





