मनोरंजन

कान्स 2025: नए ड्रेस कोड के साथ शुरू हुआ फेस्टिवल, आलिया का धमाकेदार डेब्यू

दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल—कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025—आज यानी 13 मई से शुरू हो गया है। यह फेस्टिवल फ्रांस के कान शहर में आयोजित होता है और इस साल इसका 78वां संस्करण मनाया जा रहा है, जो 24 मई तक चलेगा। हर साल की तरह इस बार भी दुनियाभर की फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े बड़े सितारे रेड कार्पेट पर नजर आएंगे। लेकिन इस बार कुछ नया भी है—कान्स फेस्टिवल ने इस बार रेड कार्पेट के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू कर दिया है।

फेस्टिवल की वेबसाइट पर 12 मई को जारी किए गए नियमों के अनुसार, अब रेड कार्पेट पर बहुत बोल्ड या न्यूड कपड़े पहनना मना है। इसके अलावा, ऐसे भारी-भरकम गाउन जो बहुत बड़े ट्रेल के साथ आते हैं, उन्हें भी बैन कर दिया गया है क्योंकि ये चलने में दिक्कत और थिएटर में बैठने में परेशानी पैदा करते हैं।
जूते पहनने को लेकर भी सख्ती की गई है—अब रेड कार्पेट पर केवल सलीकेदार जूते या सैंडल ही चलेंगे, स्नीकर्स की अनुमति नहीं है। जो भी इन नियमों का पालन नहीं करेगा, उसे रेड कार्पेट पर आने नहीं दिया जाएगा—चाहे वो आम मेहमान हो या कोई बड़ा सेलिब्रिटी।

इन सख्त नियमों के बावजूद फेस्टिवल में इस बार भारतीय सिनेमा की जबरदस्त मौजूदगी है। सबसे बड़ी बात ये कि आलिया भट्ट पहली बार कान्स में डेब्यू कर रही हैं। वो लोरियल पेरिस की ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर के तौर पर रेड कार्पेट पर नजर आएंगी। साथ ही, ऐश्वर्या राय बच्चन भी एक बार फिर इस फिल्म फेस्टिवल की शान बढ़ाएंगी। वे पिछले दो दशकों से लगातार कान्स का हिस्सा रही हैं।

फेस्टिवल में शामिल होने वालों में शर्मिला टैगोर और सिमी ग्रेवाल भी हैं, जो सत्यजीत रे की 1970 की फिल्म ‘अरण्येर दिन रात्रि’ के रिस्टोर वर्जन की स्पेशल स्क्रीनिंग में शिरकत करेंगी। वहीं, अनुपम खेर निर्देशित फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ को कान फिल्म बाजार में प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा, निर्देशक नीरज घेवन की फिल्म ‘होमबाउंड’ भी कान्स में दिखाई जाएगी, जिसमें जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म का प्रीमियर ‘अन सर्टेन रिगार्ड’ सेक्शन में होगा। साथ ही, करण जौहर भी इस बार कान्स में नजर आएंगे।

एक खास बात यह भी है कि इस बार भारतीय निर्देशक पायल कपाड़िया को फेस्टिवल की जूरी का सदस्य बनाया गया है। पायल की फिल्म ‘All We Imagine As Light’ ने पिछले साल ग्रैंड प्रिक्स जीता था।

कान्स में भारतीय फिल्मों की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है। साल 1946 में इस फेस्टिवल की शुरुआत के साथ ही भारत की फिल्म ‘नीचा नगर’ को वहां दिखाया गया था, जिसे ग्रांड प्रिक्स अवॉर्ड भी मिला था।

इस बार भी उम्मीद है कि भारतीय कलाकार और फिल्में कान्स के इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी अलग छाप छोड़ेंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button