भारत

दिल्ली-पुणे इंडिगो फ्लाइट में यात्री की अजीब हरकत, इमरजेंसी गेट का कवर खोलने की कोशिश से बजा अलार्म

दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने उड़ान भरने के कुछ देर बाद इमरजेंसी गेट के लीवर का कवर खोलने की कोशिश की। यात्री की इस हरकत के चलते विमान में अलार्म बजने लगा और क्रू मेंबर्स सतर्क हो गए। हालांकि, इमरजेंसी गेट नहीं खुला और विमान सुरक्षित पुणे पहुंच गया।

इमरजेंसी गेट के पास बैठा था यात्री

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 33 वर्षीय गौरव सत्येंद्र रौतेला के रूप में हुई है। वह पुणे जिले के सासवड का रहने वाला है। गौरव इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6884 से दिल्ली से पुणे जा रहा था। वह विमान में इमरजेंसी गेट के पास वाली सीट नंबर 19D पर बैठा था।

पूछताछ में यात्री ने क्या कहा?

एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर गोविंद पवार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि शुरुआती पूछताछ में यात्री ने कहा कि उसने केवल उत्सुकतावश लीवर के कवर को खोलने की कोशिश की थी। उसे यह जानकारी नहीं थी कि यह इमरजेंसी गेट से जुड़ा हुआ है। जैसे ही उसने कवर को छुआ, विमान में अलार्म बजने लगा, जिसके बाद क्रू मेंबर्स ने तुरंत ध्यान दिया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि इमरजेंसी गेट के मैकेनिज्म से छेड़छाड़ करना विमान में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। विमान में लगा अलार्म सिस्टम ऐसी स्थिति में क्रू मेंबर्स को सतर्क करने के लिए ही बनाया गया है।

रात 12:45 बजे हुई घटना

यह घटना सोमवार रात करीब 12:45 बजे हुई, जब विमान दिल्ली से उड़ान भर चुका था। फ्लाइट रात करीब 2 बजे पुणे पहुंची। इसके बाद इंडिगो के क्रू मेंबर ओंकार विनोद कुलकर्णी ने यात्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 और एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे

जांच कर रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button