भारत दौरे पर बिल गेट्स, पीएम मोदी और मंत्रियों से की अहम मुलाकात

माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और गेट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष बिल गेट्स एक बार फिर भारत पहुंचे हैं। यह पिछले तीन वर्षों में उनकी तीसरी भारत यात्रा है। इस दौरे के दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, कृषि और तकनीकी विकास में भारत के साथ सहयोग को मजबूत करना है।
18 मार्च को बिल गेट्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस बैठक में भारत के दीर्घकालिक विकास लक्ष्य ‘विकसित भारत 2047’ पर चर्चा हुई, जिसका मकसद भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाना है।
गेट्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मैंने प्रधानमंत्री मोदी से भारत के विकास, स्वास्थ्य, कृषि और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हो रहे बदलावों पर विस्तार से चर्चा की।”
I had a great discussion with @narendramodi about India’s development, the path to Viksit Bharat @ 2047, and exciting advancements in health, agriculture, AI, and other sectors that are creating impact today. It’s impressive to see how innovation in India is driving progress… pic.twitter.com/UoM6myxraD
— Bill Gates (@BillGates) March 18, 2025
प्रधानमंत्री मोदी भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक को विकास का अहम माध्यम मानते हैं। इस बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि में एआई के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर खास जोर दिया गया। इंडिया एआई मिशन और गेट्स फाउंडेशन के बीच एक नई साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
बिल गेट्स ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की। इस बैठक में जलवायु-प्रतिरोधी फसलें, पोषण बढ़ाने वाली फसलें (बायोफोर्टिफिकेशन) और एआई-संचालित खेती जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कृषि मंत्री ने कहा, “गेट्स फाउंडेशन पहले से ही भारत के कृषि क्षेत्र में काम कर रहा है, और आज हमने इस सहयोग को और आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया।”
बिल गेट्स भारत के कृषि अनुसंधान से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा, “भारत में हो रहा कृषि अनुसंधान बेहतरीन है और इसका फायदा पूरी दुनिया को मिल सकता है।”
It was a pleasure to discuss India’s agricultural transformation with @chouhanshivraj. By developing and scaling cutting-edge ag-tech solutions, India is helping farmers increase crop yield, enhance nutrition, and build resilience against climate change. During my visit to… https://t.co/b1WbIrffBO
— Bill Gates (@BillGates) March 17, 2025
भारत आने से पहले बिल गेट्स ने लिखा, “भारत वह स्थान है जहां बड़ी चुनौतियां और भी बड़े लक्ष्यों से मिलती हैं। हर बार जब मैं यहां आता हूं, तो देखता हूं कि स्वास्थ्य, कृषि और तकनीक में कितनी जबरदस्त प्रगति हो रही है।”
गेट्स की इस यात्रा से साफ है कि भारत वैश्विक तकनीकी और सामाजिक विकास में बड़ी भूमिका निभा रहा है। उनकी मुलाकातों से स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और एआई के क्षेत्र में भारत और गेट्स फाउंडेशन के बीच नई साझेदारियों की उम्मीद की जा रही है।





