Bigg Boss 20: यंग डीएसए बने घर के पहले कैप्टन, कैप्टेंसी टास्क में जमकर हुआ हंगामा

नई दिल्ली: ‘बिग बॉस 20’ की शुरुआत ही घर में घमासान के साथ हुई। पहले कैप्टेंसी टास्क में कई कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर बहस देखने को मिली। आखिरकार यंग डीएसए (Yung DSA) ने बाजी मार ली और वह ‘बिग बॉस 20’ के घर के पहले कैप्टन बन गए।
कैप्टेंसी टास्क के शुरुआती राउंड के बाद यंग डीएसए, गुल्लू और आसिफ खान मुख्य दावेदार बनकर सामने आए। टास्क के दौरान कई कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे से भिड़ते नजर आए।
सबसे पहले यंग डीएसए और आम्रपाली दुबे के बीच बहस हुई। आम्रपाली ने यंग डीएसए की भाषा पर सवाल उठाया। वहीं, काजी वॉशरूम में पुश-अप्स करते नजर आए और खुद को कमांडो और सुपरह्यूमन बताया। अरिश्फा खान और उदिति सिंह के बीच भी कैप्टेंसी टास्क को लेकर छोटी बहस देखने को मिली।
इसके बाद यंग डीएसए की कनिका मान से भी बहस हो गई। यंग ने आरोप लगाया कि कनिका उन पर हमला करने के अंदाज में आगे बढ़ीं, जबकि कनिका ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि टास्क को और किस तरह खेलना है। इसके बाद कनिका की अरिश्फा से भी बहस हुई।
आखिर में माही विज ने यंग डीएसए को टास्क का विजेता घोषित किया, जिसके बाद वह घर के पहले कैप्टन बन गए। टास्क के दौरान आसिफ खान और काजी के बीच भी मतभेद हुए, लेकिन बाद में दोनों ने गले मिलकर मामला सुलझा लिया। वहीं, स्काउटओपी घर में अपनी अलग-अलग दोस्तियां और समीकरण बनाते नजर आए।
काजी की तबीयत बिगड़ी
शो में काजी ने अपनी तबीयत को लेकर भी चिंता जताई। रीति तिवारी उनके लिए चाय बना रही थीं, लेकिन कैमरे के सामने काजी को चिल्लाते देखने के बाद बाकी घरवालों ने उन्हें उनके पास जाने से रोक दिया।
इसके बाद काजी ने बिग बॉस को बुलाने और मेडिकल मदद की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा है। इसके बाद बिग बॉस ने उन्हें मेडिकल रूम में बुलाया।
कनिका और गुल्लू ने की भरोसे पर बात
अगले दिन कनिका मान और गुल्लू के बीच एक-दूसरे पर भरोसे को लेकर बातचीत हुई। दोनों ने चर्चा की कि किसी व्यक्ति पर भरोसा करने में उन्हें कितना समय लगता है और क्या गेम के दौरान वे एक-दूसरे को धोखा दे सकते हैं।
वहीं, ईशा रिखी ने गुल्लू से बात करते हुए कहा कि उन्होंने असल जिंदगी में कई ‘रेड फ्लैग’ लोगों को देखा है। उन्होंने यह भी पूछा कि धोखा देने के बाद क्या लोगों को कभी पछतावा होता है। हालांकि, ईशा ने साफ किया कि वह किसी खास व्यक्ति के बारे में बात नहीं कर रही थीं।
इस दौरान रीति तिवारी ने ‘मानसिक संतुलन’ नाम का गाना भी गाया। वहीं, मैरी कॉम ने परिवार और पैसों से जुड़े अपने विचार साझा किए।
बिग बॉस ने लगाई घरवालों को फटकार
घर में दिन के समय कंटेस्टेंट्स के सोने और नियमों का पालन नहीं करने पर बिग बॉस ने घरवालों को फटकार लगाई। उन्होंने कैप्टन यंग डीएसए को भी घर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार ठहराया।
इसके बाद घरवालों को ‘बिग बॉस’ के पुराने सीजन की कुछ यादगार झलकियां दिखाई गईं। इन क्लिप्स में पुराने सीजन के मजेदार पलों से लेकर बड़े विवाद और झगड़े तक शामिल थे। वीडियो देखकर माही विज, आम्रपाली दुबे, ईशा और आसिफ खान समेत कई कंटेस्टेंट्स भावुक हो गए। मैरी कॉम भी अपने आंसू नहीं रोक पाईं। शो के पुराने होस्ट्स शिल्पा शेट्टी और अमिताभ बच्चन की झलक के साथ सलमान खान के मजेदार पल भी दिखाए गए।
बिग बॉस ने घरवालों से कहा कि यह सिर्फ एक शो नहीं बल्कि एक ऐसी जगह है, जहां लोगों की यादें जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस शो को सिर्फ खेला नहीं जाता, बल्कि इसे जिया जाता है। उन्होंने नए कंटेस्टेंट्स से भी इस विरासत को आगे बढ़ाने की बात कही।
इसके बाद रूम 20 खोला गया, जहां घरवालों की तस्वीरें लगाई गई थीं। इसी दौरान काजी ने ‘ओ मेरे दिल के चैन’ गाना गाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
यंग डीएसए ने कनिका को चुना
बाद में बिग बॉस ने कैप्टन यंग डीएसए से पूछा कि वह किस कंटेस्टेंट की ‘लाइफलाइन’ लेना चाहते हैं। यंग ने इसके लिए कनिका मान का नाम चुना। इसके बाद उन्होंने घरवालों के बीच काम भी बांटा।
रीति तिवारी ने बताया- मिल चुकी हैं जान से मारने और रेप की धमकियां
शो में रीति तिवारी ने अपने पिता और अभिनेता-राजनेता मनोज तिवारी की वजह से मिलने वाले ऑनलाइन ट्रोलिंग और धमकियों के बारे में बात की। मैरी कॉम से बातचीत के दौरान रीति ने बताया कि उन्हें हमेशा अपने पिता की पहचान की वजह से अतिरिक्त दबाव महसूस होता है। उन्होंने कहा कि लोग उनके विचारों को उनके पिता के विचारों से जोड़ देते हैं।
रीति ने दावा किया कि उन्हें जान से मारने और रेप की धमकियां भी मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि लोग उनके विचारों को मनोज तिवारी का विचार मानकर उन्हें निशाना बनाते हैं।
सलमान खान के होस्ट किए जा रहे ‘बिग बॉस 20’ में कुल 16 कंटेस्टेंट्स ट्रॉफी के लिए मुकाबला कर रहे हैं। शो में काजी तौकीर, आसिफ खान, कनिका मान, माही विज, आम्रपाली दुबे, अरिश्फा खान, अमन गांधी, यंग डीएसए, स्काउटओपी और गुल्लू समेत कई चेहरे शामिल हैं। ‘बिग बॉस 20’ को जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी पर देखा जा सकता है।





