खेल

टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन पर बीसीसीआई की बड़ी बैठक, गंभीर-अगरकर से मांगा जाएगा जवाब

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के हालिया खराब प्रदर्शन को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) गुरुवार, 3 सितंबर को मुंबई में समीक्षा बैठक करेगा। इस बैठक में मुख्य कोच गौतम गंभीर, वरिष्ठ चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण शामिल होंगे।

बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टीम के खराब प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा खिलाड़ियों की फिटनेस, चोटों के प्रबंधन और 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। 2027 का वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में 4 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच खेला जाएगा।

भारत को जून में आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से हार मिली थी। इस हार के साथ भारत की लगातार 16 टी20 सीरीज से चली आ रही जीत का सिलसिला भी टूट गया। इसके बाद इंग्लैंड में भी टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत 4-0 से हार गया, जबकि पहला मुकाबला बारिश के कारण नहीं हो सका था।

वनडे सीरीज में भारत ने पहला मैच छह विकेट से जीता था, लेकिन अगले दो मुकाबले हार गया। इसके चलते इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी होगी चर्चा

बैठक में खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर भी अहम चर्चा होने की उम्मीद है। जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश रेड्डी और हर्षित राणा को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से पहले अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और चयनकर्ताओं के बीच तालमेल को लेकर भी सवाल उठे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चयन समिति को बुमराह की फिटनेस की स्थिति की पूरी जानकारी नहीं मिलने की बात सामने आई थी। ऐसे में दोनों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी चर्चा हो सकती है।

हार्दिक पंड्या की वापसी पर नजर

हार्दिक पंड्या की फिटनेस और टीम में वापसी भी बैठक का अहम मुद्दा हो सकती है। वह 2026 टी20 विश्व कप के फाइनल के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेले हैं। वनडे में भी वह अभी पांच या छह ओवर से ज्यादा गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक की वापसी 27 सितंबर से शुरू होने वाली वेस्टइंडीज सीरीज में हो सकती है।

इसके अलावा बीसीसीआई आईपीएल के दौरान खिलाड़ियों पर पड़ने वाले ज्यादा काम के बोझ की भी समीक्षा करेगा। बोर्ड का लक्ष्य तेज गेंदबाजों का एक फिट और मजबूत समूह तैयार करना है, ताकि न्यूजीलैंड दौरे और 2027 वनडे विश्व कप से पहले टीम को खिलाड़ियों की कमी का सामना न करना पड़े।

Show More
Back to top button