दिल्ली के विकास के लिए बड़ा बजट, जाने बजट में क्या है खास

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक लाख करोड़ रुपये का बजट विधानसभा में पेश किया। इस बजट में पानी, बिजली, यमुना की सफाई, सीवर व्यवस्था और परिवहन संपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
यमुना और जल आपूर्ति के लिए बड़ा ऐलान
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में जल संकट और यमुना की सफाई को प्राथमिकता देते हुए 9,000 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की। सरकार ने पानी की चोरी रोकने के लिए इंटेलिजेंट मीटर लगाने का फैसला किया है, जिस पर 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, जल क्षेत्र परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
यमुना की सफाई के लिए 500 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है, जिसमें सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत और विकास के लिए 250 करोड़ रुपये तथा नजफगढ़ नाले के नवीनीकरण के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
सीवर और जल प्रबंधन में सुधार
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली में सीवर की समस्या को दूर करने के लिए 200 करोड़ रुपये की लागत से मुनक नहर को पानी की पाइपलाइन में बदला जाएगा। साथ ही, बारिश के पानी के संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) के लिए 50 करोड़ रुपये और आपातकालीन जल भंडारण (इमरजेंसी वाटर स्टोरेज) की व्यवस्था के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
सड़कों और परिवहन में सुधार
दिल्ली सरकार ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूंजीगत व्यय को दोगुना कर 28,000 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव दिया है। इस राशि का उपयोग सड़कों, सीवर प्रणाली और जलापूर्ति को बेहतर बनाने में किया जाएगा। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में परिवहन संपर्क को सुधारने के लिए 1,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
27 साल बाद बीजेपी सरकार ने पेश किया बजट
दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार ने बजट पेश किया है। पार्टी ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) को हराकर सत्ता में वापसी की थी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और अक्षमता का युग समाप्त हो गया है और अब दिल्ली के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।





