ताज़ा खबरेंभारतविदेश

भूटान के राजा ने पीएम मोदी को समर्पित किया बौद्ध स्तूप, भारत-भूटान संबंधों को सराहा

भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पवित्र बौद्ध स्तूप समर्पित किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि स्तूप संख्या 76 प्रधानमंत्री मोदी को भारत और भूटान के बीच दोस्ती मजबूत करने के उनके दृष्टिकोण और योगदान के सम्मान में समर्पित किया गया है।

रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस बारे में बताया। उन्होंने इसे भारत के लिए बड़े सम्मान की बात बताया और स्तूप समर्पित करने के लिए भूटान के राजा के प्रति आभार जताया।

छह घंटे में बनाए गए 108 बौद्ध स्तूप

किरेन रिजिजू के मुताबिक, भूटान ने 1 नवंबर को महज छह घंटे में 108 बौद्ध स्तूपों का निर्माण कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस काम में 40 हजार से अधिक स्वयंसेवकों, बौद्ध भिक्षुओं और कारीगरों ने हिस्सा लिया। निर्माण कार्य आधी रात के बाद शुरू हुआ था।

रिजिजू ने बताया कि वह ल्हाबाब दुचेन के शुभ अवसर पर गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में आयोजित पवित्र समारोह में शामिल हुए। इस दौरान 108 स्तूपों को स्थापित करने और उनकी प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़ी धार्मिक रस्में पूरी की गईं। समारोह में पारंपरिक वाद्य यंत्र ‘डुंगचेन’ भी बजाए गए।

बौद्ध धर्म में स्तूप का क्या महत्व है?

रिजिजू ने कहा कि किसी व्यक्ति को पवित्र स्तूप समर्पित करना सामान्य सम्मान नहीं है, बल्कि इसका धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने बौद्ध धर्म में स्तूप को केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि बुद्ध के प्रबुद्ध मन का भौतिक प्रतीक बताया।

उन्होंने भूटान के राजा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि स्तूप संख्या 76 प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित किया जाना भारत और भूटान के बीच आध्यात्मिक और ऐतिहासिक मित्रता के महत्व को दर्शाता है।

भूटान के राजा से मिले किरेन रिजिजू

रिजिजू ने बताया कि समारोह के दौरान उन्होंने भूटान के राजा, रानी और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे की मौजूदगी में प्रार्थना की और सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद उन्हें गेलेफू में भूटान के राजा से मुलाकात का अवसर भी मिला।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भूटान के राजा को शुभकामनाएं दीं और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विशेष संबंधों और साझेदारी के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button