भारत

BEL–Safran की बड़ी डील: भारत में बनेगा HAMMER मिसाइल सिस्टम

भारत की प्रमुख रक्षा कंपनी Bharat Electronics Limited (BEL) ने फ्रांस की रक्षा कंपनी Safran Electronics & Defence के साथ एक बड़ा समझौता किया है। दोनों कंपनियां मिलकर 50:50 की साझेदारी में एक संयुक्त उद्यम (जॉइंट वेंचर) शुरू करेंगी। यह साझेदारी खास तौर पर HAMMER हथियार प्रणाली के निर्माण के लिए की जा रही है।

यह घोषणा 17 फरवरी को बेंगलुरु में होने वाली छठी भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा वार्ता से पहले की गई है। इसे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

क्या है HAMMER हथियार प्रणाली?

HAMMER का पूरा नाम है Highly Agile Modular Munition Extended Range। यह एक अत्याधुनिक, सटीक निशाना साधने वाला एयर-टू-ग्राउंड हथियार है। अभी तक इसे पूरी तरह फ्रांस से खरीदा जाता था और यह भारतीय वायुसेना के Dassault Rafale लड़ाकू विमानों पर तैनात है।

नई साझेदारी के तहत अब इसके “गाइडेंस किट” (Guidance Kit) का उत्पादन भारत में किया जाएगा। संयुक्त उद्यम एक “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” स्थापित करेगा, जहां इस सिस्टम का निर्माण, सप्लाई, मेंटेनेंस और मरम्मत का काम होगा।

क्यों खास है HAMMER?

HAMMER एक स्मार्ट बम है, जो GPS और INS तकनीक से लैस है। यह 60 से 70 किलोमीटर दूर तक सटीक निशाना साध सकता है। पहाड़ी इलाकों और मजबूत बंकर जैसे ठिकानों को नष्ट करने में यह बेहद कारगर माना जाता है। इसका वजन करीब 330 किलोग्राम होता है। यह “फायर एंड फॉरगेट” तकनीक पर काम करता है, यानी लक्ष्य तय कर लॉन्च करने के बाद इसे दोबारा निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ती।

यह स्थिर और चलती दोनों तरह के लक्ष्यों को दिन-रात और हर मौसम में निशाना बना सकता है। इसमें 125 किलोग्राम से लेकर 1,000 किलोग्राम तक के अलग-अलग वॉरहेड विकल्प उपलब्ध हैं।

भारत को क्या फायदा?

अब भारत में उत्पादन शुरू होने से भारतीय वायुसेना को हथियारों की आपूर्ति तेज होगी। आयात पर निर्भरता कम होगी और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी। गौरतलब है कि इस हथियार को पहली बार 2007 में पेरिस एयर शो में AASM नाम से पेश किया गया था। 2011 में इसका नाम बदलकर HAMMER रखा गया।

यह समझौता भारत और फ्रांस के रक्षा सहयोग को और मजबूत करने वाला माना जा रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button