भारत

दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना हुई लागू, अब 10 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा

दिल्ली में अब आयुष्मान भारत योजना लागू हो गई है। दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में यह स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू हो गई है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को अब सालाना 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, जिसमें पांच लाख का योगदान केंद्र सरकार और पांच लाख का राज्य सरकार की ओर से होगा।


इस पहल के साथ दिल्ली आयुष्मान भारत योजना को लागू करने वाला देश का 35वां राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बन गया है। अब केवल पश्चिम बंगाल ही ऐसा राज्य बचा है जहां यह योजना लागू नहीं हुई है।

दिल्ली में इस योजना की शुरुआत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में की गई। एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद योजना के लाभार्थियों को नामांकित करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया जाएगा।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि योजना के पहले चरण में सबसे गरीब और जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। 10 अप्रैल तक एक लाख लोगों को इस योजना में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

योजना के तहत मरीजों का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से संग्रहीत किया जाएगा, जिससे निगरानी और प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी। शुरुआत में अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और प्राथमिकता वाले परिवारों को योजना का लाभ मिलेगा, जिसके बाद लाभार्थियों का दायरा धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा।

यह कदम न केवल गरीबों के लिए राहत लाएगा, बल्कि दिल्ली के स्वास्थ्य तंत्र को भी मजबूती प्रदान करेगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button