इंस्टाग्राम से सभी पोस्ट हटाने पर अपूर्वा मखीजा के फैंस हैरान

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अपूर्वा मखीजा ने हाल ही में अपने प्रशंसकों को चौंका दिया है। उन्होंने बिना किसी आधिकारिक घोषणा के अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से सभी पोस्ट डिलीट कर दी हैं। 1 अप्रैल को लिया गया यह कदम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।अपूर्वा के इस कदम से उनके फॉलोअर्स के बीच हलचल मच गई है। कुछ लोगों का मानना है कि यह विवाद से जुड़ा हो सकता है, जबकि कुछ इसे अप्रैल फूल का मजाक समझ रहे हैं। हालांकि, अब तक अपूर्वा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। उनका इंस्टाग्राम अकाउंट अभी भी सक्रिय है और उनके 30 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, लेकिन उनकी प्रोफाइल अब पूरी तरह खाली हो गई है।
अपूर्वा का यह कदम ऐसे समय में आया है जब ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ (आईजीएल) विवाद चर्चा में है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब रणवीर अल्लाहबादिया उर्फ बीयरबाइसेप्स ने शो में माता-पिता की निजी जिंदगी को लेकर टिप्पणी की, जिससे कई लोग आहत हुए। इस मामले में रणवीर और शो से जुड़े अन्य क्रिएटर्स, जिनमें अपूर्वा मखीजा, समय रैना और आशीष चंचलानी शामिल हैं, के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। महाराष्ट्र साइबर सेल और नेशनल कमीशन फॉर वुमन (एनसीडब्ल्यू) ने भी उन्हें समन जारी किया था।
दूसरी ओर, सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद रणवीर अल्लाहबादिया ने अपने डिजिटल करियर की फिर से शुरुआत कर दी है। उन्होंने अपने लोकप्रिय पॉडकास्ट ‘द रणवीर शो’ को दोबारा लॉन्च किया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, “मेरे चाहने वालों का शुक्रिया। यूनिवर्स का शुक्रिया। एक नया अध्याय शुरू – पुनर्जन्म…” उनकी वापसी पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। जहां उनके दोस्त आशीष चंचलानी ने उनकी सराहना की, वहीं कुछ लोग अब भी नाराजगी जता रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि अपूर्वा मखीजा इस मुद्दे पर कोई सफाई देती हैं या यह सिर्फ एक रणनीतिक कदम था।





