‘कसौटी जिंदगी की’ फेम एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी पर RPF जवान पर ब्लेड से हमला करने का आरोप, ट्रेन में मचा हंगामा
सीट विवाद को लेकर अरावली एक्सप्रेस में हुआ बड़ा विवाद; अभिनेत्री ने खुद को भी पहुंचाया नुकसान, पुलिस ने दर्ज किया मामला।

टीवी सीरियल ‘कसौटी जिंदगी की’ में काम कर चुकीं अभिनेत्री अंतरा बनर्जी एक गंभीर मामले में फंस गई हैं। उन पर सूरत जाने वाली अरावली एक्सप्रेस ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान एक रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान पर ब्लेड से हमला करने का आरोप लगा है।
यह सनसनीखेज घटना 12 अगस्त की है। पुलिस के अनुसार, अभिनेत्री अंतरा बनर्जी ने ट्रेन में कथित तौर पर एक आरक्षित सीट पर कब्जा कर लिया था और सही टिकट धारक के लिए सीट खाली करने से साफ इनकार कर दिया।
टिकट कलेक्टर से हुआ था विवाद
जब टिकट कलेक्टर (TTE) ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और सीट खाली करवाने की कोशिश की, तो अभिनेत्री ने असहयोग किया। इसके बाद मामले में सहायता के लिए आरपीएफ असिस्टेंट सब-इस्पेक्टर यामीकांत मिश्रा को बुलाया गया।
आरपीएफ जवान के समझाने पर भी अभिनेत्री शांत नहीं हुईं और उन्होंने आरपीएफ टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
ब्लेड से किया हमला और खुद को भी किया घायल
विवाद बढ़ने पर स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब अभिनेत्री ने अपने बैग से अचानक एक ब्लेड निकाला और खुद के हाथ को घायल कर लिया।
जब आरपीएफ अधिकारी मिश्रा ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो अभिनेत्री ने उन पर हमला कर दिया और उनकी गर्दन पर वार करने की कोशिश की। खुद का बचाव करते समय अधिकारी को ब्लेड से दो गहरे कट लग गए संघर्ष के दौरान अभिनेत्री ने अधिकारी की वर्दी खींची, चश्मा फेंक दिया और उनका फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
ट्रेन के शीशे तोड़े, फिर हुई कार्रवाई
इतना ही नहीं, अभिनेत्री ने कोच के दरवाजे के कांच के पैनल पर लात मारकर उसे भी तोड़ दिया। खतरे को भांपते हुए आरपीएफ टीम ने अंदर के दरवाजों को सुरक्षित किया और दहानु स्टेशन पर ट्रेन रोककर उन्हें नीचे उतारा गया।
बोरिवली जीआरपी (GRP) में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि अभिनेत्री को कुछ देर के लिए हिरासत में लिया गया था और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत नोटिस जारी करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।





