अनंत अंबानी की 170 किमी की आध्यात्मिक पदयात्रा संपन्न, 30वें जन्मदिन पर द्वारकाधीश के चरणों में किया नमन

अनंत अंबानी की 29 मार्च को जामनगर से शुरू हुई धार्मिक पदयात्रा 6 अप्रैल को समाप्त हुई. रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के डायरेक्टर अनंत अंबानी की 170 किमी की पदयात्रा रविवार को द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर समाप्त हो गई. अनंत ने अपने 30वें जन्मदिन पर भगवान द्वारकाधीश को नमन किया. यात्रा के समापन में उनकी मां नीता अंबानी और पत्नी राधिका मर्चेंट भी शामिल हुईं.
अनंत अंबानी ने इस यात्रा को व्यक्तिगत और आध्यात्मिक यात्रा बताया. उन्होंने कहा कि यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और आशीर्वाद से परिपूर्ण रही. उन्होंने द्वारकाधीश के दर्शन-पूजा करने के बाद सभी को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. एएनआई से बात करते हुए अनंत ने कहा, ‘ये मेरी खुद की धार्मिक यात्रा है. भगवान का नाम लेकर यात्रा की शुरुआत की थी और भगवान का नाम लेकर ही यात्रा पूरी हो गई. भगवान श्री द्वारकाधीश की हम पर बहुत कृपा रही है. इसके लिए मैं भगवान श्री द्वारकाधीश का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं.’
अनंत अंबानी ने कहा, ‘आज मेरी पत्नी और माता जी भी आई हैं. मेरे पिताजी ने भी हमेशा मेरा साथ दिया. इस यात्रा के लिए भी उन्होंने मुझे शक्ति दी. मैं अपने दादी, नानी, सास-ससुर मैं सभी का आभार जताना चाहता हूं.’
अनंत अंबानी की मां और रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष नीता अंबानी ने कहा कि एक मां के रूप में अपने सबसे छोटे बेटे अनंत को द्वारकाधीश के इस दिव्य स्थान की पदयात्रा पूरी करते देखना बहुत गर्व की बात है. उन्होंने कहा, ‘पिछले 10 दिनों से अनंत की पदयात्रा में शामिल सभी युवा हमारी संस्कृति का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. मैं द्वारकाधीश से यही प्रार्थना करती हूं कि वे अनंत को शक्ति प्रदान करें.’
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





