कनाडा में भारतीय मूल के युवक की गोली मारकर हत्या, गैंगवार से जुड़ा मामला

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के बर्नाबी शहर में भारतीय मूल के 28 वर्षीय युवक दिलराज सिंह गिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का मानना है कि यह हमला सुनियोजित (टारगेटेड) था और इसका संबंध प्रांत में चल रहे गैंग विवाद से हो सकता है। रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, यह घटना 22 जनवरी को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5:30 बजे कनाडा वे इलाके में हुई। इलाके में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं।
पुलिस को घटनास्थल पर एक युवक गंभीर हालत में मिला, जिसे गोली लगी थी। प्राथमिक उपचार और जान बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में उसकी पहचान दिलराज सिंह गिल के रूप में हुई। मामले की जांच अब इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) को सौंप दी गई है। जांचकर्ताओं का कहना है कि यह हत्या जानबूझकर की गई लगती है और संभव है कि इसका संबंध ब्रिटिश कोलंबिया में चल रही गैंग हिंसा से हो।
पुलिस ने इस मामले में जनता से मदद की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि 22 जनवरी को शाम 5 बजे से 6:30 बजे के बीच कनाडा वे इलाके में मौजूद लोगों के पास अगर डैशकैम या सीसीटीवी फुटेज है, तो वे जांच एजेंसियों से संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है और जांच को आगे बढ़ाया जा सकेगा।





