बरेली में ममता और मानवता की मिसाल: दिशा पाटनी की बहन ने बचाई 8 महीने की मासूम की जान

रविवार सुबह बरेली जंक्शन पर एक दर्दनाक घटना घटी, जो इंसानियत की मिसाल में तब्दील हो गई। एक मां अपनी 8 महीने की बच्ची को एक नशे में धुत युवक के हवाले कर दूध लेने गई, लेकिन वापस नहीं लौटी। नशेड़ी युवक मासूम को लेकर रेलवे स्टेशन के पास स्थित पुराने खंडहर में छोड़ आया।
खंडहर के पास ही सेना में मेजर पद से वीआरएस ले चुकीं और बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी अपने माता-पिता के साथ रहती हैं। उनकी मां पदमा पाटनी ने खंडहर से बच्चे के रोने की आवाज सुनी और खुशबू को बुलाया। खुशबू पाटनी तुरंत दीवार फांदकर खंडहर में पहुंचीं और मिट्टी में लिपटी बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लाईं।
उन्होंने बच्ची को अपने घर ले जाकर नहलाया, दूध पिलाया और साफ कपड़े पहनाए। इसके बाद पुलिस और चाइल्ड लाइन को सूचना दी। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना स्थल रेलवे जंक्शन होने के बावजूद जीआरपी और आरपीएफ की तरफ से कोई सक्रियता नहीं दिखाई गई। न तो सीसीटीवी चेक किए गए और न ही बच्ची के लिए कोई तलाश शुरू हुई।
शाम को जब बच्ची की मां गुफरान थाने पहुंची और बच्ची इनायत को देखा, तो वो फूट-फूट कर रो पड़ी। बच्ची ने भी मां को पहचानकर किलकारी मारी। चाइल्ड लाइन द्वारा जरूरी प्रक्रिया पूरी कर बच्ची को मां के हवाले कर दिया गया। खुशबू पाटनी ने सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना के वीडियो साझा किए हैं, जिनमें वह बच्ची को गोद में खिलाते और दूध पिलाते नजर आ रही हैं। उन्होंने लिखा, “अगर समय रहते हम न पहुंचते, तो शायद इनायत आज हमारे बीच न होती।”
View this post on Instagram





