अमृतसर में ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, जंतर-मंतर पर हमले की थी खतरनाक साजिश
पंजाब पुलिस ने 4 नाबालिगों समेत 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार, दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान हमले का था प्लान।

पंजाब पुलिस ने एक बहुत बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा किया है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित होने वाले दो ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार, इस मॉड्यूल के निशाने पर दिल्ली का जंतर-मंतर था, जहां छात्र प्रदर्शन के दौरान हमले की योजना बनाई गई थी।
पैट्रोल बम और हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस मॉड्यूल के कुछ सदस्य लॉजिस्टिक सपोर्ट और पैट्रोल बम बनाने की सामग्री के साथ जंतर-मंतर पहुंचे थे। हालांकि, समय रहते उनके इस नापाक मंसूबों को पूरा होने से रोक लिया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान कुल 9 आरोपियों को दबोचा है, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं। इनके पास से अवैध पिस्तौल, कारतूस और पैट्रोल बम बरामद किए गए हैं।
नाबालिगों का हो रहा था इस्तेमाल
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विदेशी आइजएसआइ (ISI) हैंडलर स्थानीय युवाओं और विशेषकर नाबालिगों को पैसों का लालच देकर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल कर रहे थे। हवाला चैनलों के जरिए इन्हें फंडिंग की जा रही थी। इसके अलावा, एक मॉड्यूल को सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करने और वीडियो शूट कर हैंडलर्स को भेजने का टास्क सौंपा गया था।





