अमृतसर एयरपोर्ट के पास फिर दिखे संदिग्ध ड्रोन, 3 फ्लाइट्स हुई डायवर्ट; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार रात संदिग्ध ड्रोन दिखने के बाद हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन करीब एक घंटे के लिए रोकना पड़ा, जिसके कारण तीन उड़ानों के रूट में बदलाव करना पड़ा।
सीआईएसएफ जवानों ने देखा संदिग्ध ड्रोन
रविवार रात करीब 9:30 बजे हवाई अड्डे की परिधि में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने 2 से 3 कम ऊंचाई पर उड़ते हुए ड्रोन (UAV) देखे। ड्रोन की मौजूदगी का पता चलते ही एंटी-ड्रोन और एयरस्पेस सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत लागू कर दिए गए।
3 प्रमुख उड़ानें प्रभावित, यात्री रहे परेशान
ड्रोन की गतिविधि के कारण हवाई सेवा रोके जाने से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुईं:
-
दिल्ली-अमृतसर (एयर इंडिया): उड़ान को वापस दिल्ली लौटना पड़ा।
-
मुंबई-अमृतसर (इंडिगो): इसे चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया।
-
कुआलालंपुर-अमृतसर (मलेशिया एयरलाइंस): इसे दिल्ली की ओर री-रूट किया गया।
एयरपोर्ट निदेशक अनिरुद्ध कुमार शर्मा के अनुसार, रात 10:30 बजे सुरक्षा एजेंसियों द्वारा एयरस्पेस क्लियर किए जाने के बाद उड़ानों का संचालन बहाल हुआ। चंडीगढ़ डायवर्ट की गई इंडिगो की फ्लाइट आधी रात के करीब अमृतसर में सुरक्षित लैंड हुई।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में अज्ञात ऑपरेटरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पंजाब पुलिस, सीआईएसएफ और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां ड्रोन उड़ाने वाले स्थान की तलाश कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत-पाकिस्तान सीमा से केवल 25 किलोमीटर दूर स्थित यह एयरपोर्ट सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। नियम के अनुसार एयरपोर्ट के 5 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाना पूरी तरह से प्रतिबंधित (No-Drone Zone) है। 6 सितंबर के बाद एक महीने में सुरक्षा में चूक की यह दूसरी घटना है।