विरोध प्रदर्शनों के बीच CEC ज्ञानेश कुमार की Z+ सुरक्षा मजबूत, रिजर्व फोर्स की तैनाती

वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने उनकी Z+ सुरक्षा में अतिरिक्त रिजर्व जवानों की तैनाती की है।
अतिरिक्त जवानों की तैनाती दिल्ली के न्यू मोती बाग कॉलोनी स्थित ज्ञानेश कुमार के आवास, चुनाव आयोग के दफ्तर और उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा व्यवस्था में की गई है। अधिकारियों ने बताया कि 7 अक्टूबर को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के आदेश के बाद अतिरिक्त रिजर्व फोर्स को तैनात किया गया।
ज्ञानेश कुमार को पहले से ही Z+ सुरक्षा मिली हुई है। यह देश में मिलने वाली दूसरी सबसे बड़ी सुरक्षा श्रेणी है। इससे ऊपर सिर्फ SPG सुरक्षा आती है, जो प्रधानमंत्री और उनके परिवार के लिए होती है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिरिक्त जवानों की तैनाती का मतलब ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा श्रेणी बढ़ाना नहीं है। मौजूदा Z+ सुरक्षा पहले की तरह ही है। सुरक्षा स्थिति और खतरे के आकलन के आधार पर रिजर्व में रखे गए अतिरिक्त जवानों को जरूरत के मुताबिक तैनात किया जाता है।
अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा हालात को देखते हुए यह तैनाती एहतियाती कदम के तौर पर की गई है। खतरे की स्थिति बदलने पर रिजर्व जवानों की संख्या को जरूरत के अनुसार बढ़ाया या घटाया जा सकता है।
SIR को लेकर विपक्ष का विरोध
वहीं, वोटर लिस्ट के SIR को लेकर विपक्षी INDIA ब्लॉक देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रहा है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कई नेता इन प्रदर्शनों में शामिल हैं। विपक्ष ने चुनाव आयोग पर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं और उस पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप भी लगाया है।