चुनाव में हार के बीच ट्रंप का नया एलान, बोले- अब बनूंगा राजनीतिक पंडित

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव के शुरुआती नतीजों के बीच एक नया ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अब वह राजनीतिक पंडित की भूमिका निभाएंगे और चुनाव में उम्मीदवारों की जीत-हार के कारणों पर अपनी राय रखेंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक लाल रंग की टोपी की तस्वीर भी साझा की है, जिस पर ‘वीटो’ लिखा हुआ है।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अब मैं राजनीतिक पंडित बनूंगा। मैं उम्मीदवारों के अच्छे और बुरे, दोनों तरह के राजनीतिक विश्लेषण करूंगा और बताऊंगा कि वे क्यों जीते या क्यों हारे।” उनकी इस पोस्ट के साथ साझा की गई लाल टोपी को भी उनके पुराने बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप ने कहा था कि अगर डेमोक्रेटिक पार्टी को संसद में बहुमत मिलता है, तो वह उनके लाए हर कानून पर वीटो का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि ऐसी स्थिति में लोग उन्हें ‘मिस्टर वीटो’ का नाम दे सकते हैं।
इससे पहले ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में रिपब्लिकन पार्टी के चुनावी प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने दावा किया कि चूंकि वह खुद चुनाव में उम्मीदवार नहीं थे, इसलिए पार्टी को उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने लिखा, “मैं चुनाव में उम्मीदवार नहीं था। अगर मैं उम्मीदवार होता, तो हम बड़े अंतर से जीतते।”
हालांकि, चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील की थी। उन्होंने मतदाताओं से यहां तक कहा था कि वोट डालते समय यह समझें कि उम्मीदवार खुद डोनाल्ड ट्रंप हैं।
ओहियो में ट्रंप के पसंदीदा उम्मीदवार को हार
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को कई जगहों पर झटका लगा है। ओहियो में ट्रंप के पसंदीदा उम्मीदवारों में शामिल विवेक रामास्वामी गवर्नर पद का चुनाव हार गए। उन्हें डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार एमी एक्टन ने हराया। रामास्वामी के समर्थन में खुद डोनाल्ड ट्रंप ओहियो पहुंचे थे और लोगों से उन्हें वोट देने की अपील की थी। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी उनके लिए प्रचार किया था। इसके बावजूद रामास्वामी चुनाव नहीं जीत सके।
गौरतलब है कि विवेक रामास्वामी ने 2024 में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के लिए दावेदारी पेश की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था और डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया था।
इस जीत के साथ डेमोक्रेटिक पार्टी ने करीब 20 साल बाद ओहियो में गवर्नर पद हासिल किया है। वहीं, एमी एक्टन इस पद पर निर्वाचित होने वाली राज्य की महिला बनेंगी।
