Fraud and Scam

एक्स-रे मशीन से ORS तक में कथित घोटाला, दिल्ली में ₹842 करोड़ की गड़बड़ी का खुलासा

दिल्ली में सरकारी अस्पतालों के लिए दवाइयों और मेडिकल उपकरणों की खरीद में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने इस मामले में 842 करोड़ रुपये के सरकारी नुकसान का आरोप लगाते हुए चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों के लिए मेडिकल सामान खरीदने में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई और टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी कर कुछ कंपनियों को फायदा पहुंचाया गया।

16 सितंबर को दाखिल की गई चार्जशीट में तीन सरकारी अधिकारियों डॉ. विनोद कुमार रंगा, डॉ. वत्सला अग्रवाल और नीरज चोपड़ा के नाम शामिल हैं। इसके अलावा एफ-मेड डिवाइसेज और एम साहिब एंड संस प्राइवेट लिमिटेड नाम की दो कंपनियों को भी आरोपी बनाया गया है। ACB का आरोप है कि कारोबारी राजीव रंगीला ने टेंडर में हेराफेरी करके अपनी कंपनियों को फायदा पहुंचाने की योजना बनाई थी।

2 एक्स-रे मशीनों के टेंडर से 448 मशीनों की खरीद का आरोप

ACB की जांच में एक्स-रे मशीनों की खरीद में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। एजेंसी के मुताबिक, शुरुआत में सिर्फ दो एक्स-रे मशीनों की खरीद के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन बाद में इसी प्रक्रिया के तहत 448 मशीनें खरीदने का ऑर्डर दे दिया गया।

जांच एजेंसी का आरोप है कि निर्माता कंपनी से एक मशीन की कीमत 14.9 लाख रुपये थी, लेकिन सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) ने इन्हें 37.8 लाख रुपये प्रति मशीन की दर से खरीदा। इससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ।

चादर और ORS की खरीद में भी बढ़ाई गई कीमतें

चार्जशीट में मेडिकल सामान की खरीद में भी कीमतें बढ़ाकर भुगतान करने का आरोप लगाया गया है। ACB के मुताबिक, करीब 25 करोड़ रुपये की बेडशीट और लिनेन की खरीद के लिए 75 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। वहीं, 1.25 करोड़ रुपये की कीमत वाले ORS के पैकेट 7.5 करोड़ रुपये में खरीदे गए।

इसके अलावा, दवाइयों की खरीद में करीब 300 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

टेंडर में हेराफेरी और जरूरी फाइलें गायब होने का दावा

ACB ने आरोप लगाया है कि टेंडर की शर्तों में बदलाव करके दूसरी कंपनियों को प्रतिस्पर्धा से बाहर रखा गया। वहीं, पसंदीदा कंपनियों के भुगतान कुछ ही दिनों में मंजूर कर दिए जाते थे।

जांच के दौरान खरीद से जुड़ी 10 अहम फाइलें भी गायब मिलीं। एजेंसी का कहना है कि इससे मामले की जांच प्रभावित हुई।

जून में हुई थी अधिकारियों की गिरफ्तारी

यह मामला मई में उस समय सामने आया, जब विजिलेंस विभाग ने सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी के कार्यालयों में छापेमारी की थी। इसके बाद ACB ने जांच शुरू की। मामले में डॉ. विनोद कुमार रंगा को 18 जून को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद डॉ. वत्सला अग्रवाल की भी गिरफ्तारी हुई।

ACB की चार्जशीट में 123 दस्तावेज और अभियोजन पक्ष के 84 गवाहों के बयान शामिल हैं। बताया गया है कि अदालत ने इस चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button