हिमाचल में भारी बारिश के बीच 7 सितंबर तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद

हिमाचल प्रदेश सरकार ने लगातार हो रही भारी बारिश और उससे पैदा हुई मुश्किलों को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। राज्य के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल, कॉलेज और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) को 7 सितंबर तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भूस्खलन, पेड़ों के गिरने, सड़कों के बंद होने और बिजली व पानी की सप्लाई बाधित होने जैसी स्थिति बनी हुई है। आदेश में यह भी बताया गया कि सार्वजनिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है और आने वाले दिनों में ऐसे हालात दोबारा बनने का खतरा बना हुआ है।
प्रदेश भर में बीते कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं ने हम सभी को चिंतित और व्यथित किया है। इस संकट की घड़ी में बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मौसम की स्थिति का अवलोकन करते हुए, हमने प्रदेश के सभी सरकारी एवं निजी… pic.twitter.com/eTCqRUKoOc
— Sukhvinder Singh Sukhu (@SukhuSukhvinder) September 3, 2025
शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने स्पष्ट किया कि इस अवधि में न केवल छात्रों बल्कि शिक्षकों और प्रशासनिक स्टाफ को भी संस्थानों में शारीरिक रूप से उपस्थित होने से छूट दी गई है। हालांकि, संस्थानों के प्रमुखों को ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई जारी रखने के प्रयास करने को कहा गया है।
इसके अलावा स्कूल और कॉलेजों के प्रमुखों को कैंपस की सुरक्षा, वहां मौजूद सामान और जरूरी रिकॉर्ड की देखभाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश इस समय भारी मानसूनी बारिश से जूझ रहा है, जिसने सामान्य जीवन को बार-बार प्रभावित किया है। कई जिलों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, बिजली आपूर्ति बाधित है और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।




