आलिया भट्ट की प्रोड्यूसर के तौर पर नई पारी, ‘डोंट बी शाय’ का ऐलान

बॉलीवुड में एक सफल अभिनेत्री के तौर पर अपनी पहचान बना चुकीं आलिया भट्ट अब प्रोडक्शन की दुनिया में भी आगे बढ़ रही हैं। 32 साल की उम्र में ही आलिया ने फिल्म इंडस्ट्री में मजबूत मुकाम हासिल कर लिया है और अब वह अपने इस अनुभव को बतौर प्रोड्यूसर भी दोहराना चाहती हैं।
आलिया भट्ट ने साल 2020 में अपना प्रोडक्शन हाउस Eternal Sunshine Productions शुरू किया था। इसका मकसद ऐसी फिल्में बनाना है, जो दर्शकों को अच्छा महसूस कराएं, प्रेरणा दें और दिल को छू जाएं। इसी कड़ी में उनका अगला प्रोजेक्ट ‘डोंट बी शाय’ आने वाला है।
बहन शाहीन के साथ मिलकर कर रहीं हैं काम
इस फिल्म के लिए आलिया ने अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ मिलकर अमेज़न प्राइम वीडियो से साझेदारी की है। हाल ही में दोनों बहनों ने प्राइम वीडियो के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फिल्म की घोषणा की। यह फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी होगी, जो युवाओं के जीवन और भावनाओं पर आधारित है।
View this post on Instagram
प्रोडक्शन की चुनौतियों पर बोलीं आलिया
प्राइम वीडियो द्वारा जारी एक वीडियो में आलिया भट्ट अपने प्रोडक्शन ऑफिस में नजर आती हैं, जहां वह शूटिंग से जुड़े कई फोन कॉल संभालती दिखती हैं। इसी दौरान वह मजाकिया अंदाज में बताती हैं कि फिल्म के सेट पर एक कछुआ स्क्रिप्ट खा गया, जिससे ऑफिस में हलचल मच जाती है। वीडियो में आलिया और शाहीन दोनों यह भी बताती हैं कि किसी फिल्म को प्रोड्यूस करने का फैसला लेना कितना मुश्किल और थकाऊ होता है। साथ ही उन्होंने यह भी साझा किया कि एक नया प्रोडक्शन हाउस शुरू करना आसान नहीं होता।
प्राइम वीडियो के साथ खास साझेदारी
भट्ट बहनों का कहना है कि अमेज़न प्राइम वीडियो के साथ उनकी साझेदारी इस प्रोजेक्ट को खास बनाती है। दोनों का मानना है कि इस सहयोग से उनकी फिल्म दर्शकों तक बेहतर तरीके से पहुंचेगी।
‘डोंट बी शाय’ के जरिए आलिया भट्ट बतौर प्रोड्यूसर अपनी नई पहचान बनाने की तैयारी में हैं, वहीं दर्शकों को एक हल्की-फुल्की और दिल को छू लेने वाली कहानी देखने को मिलने वाली है।





