दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 2006 को तकनीकी खराबी के चलते आपात स्थिति में वापस दिल्ली लाया गया। उड़ान के दौरान तकनीकी खामी की सूचना मिलते ही पायलट ने सतर्कता बरतते हुए विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया। घटना के बाद यात्रियों में हलचल मच गई, हालांकि सभी सुरक्षित हैं। इंडिगो ने यात्रियों को लेह पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की है। एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, लेह एयरपोर्ट के परिचालन प्रतिबंधों के कारण विमान वहीं लैंड नहीं कराया जा सका और उसे दिल्ली लौटाना पड़ा। फिलहाल विमान की जांच और जरूरी मरम्मत की जा रही है।
इसी तरह हैदराबाद से तिरुपति जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 2696 को भी तकनीकी गड़बड़ी के चलते उड़ान के कुछ ही देर बाद वापस हैदराबाद एयरपोर्ट पर लाना पड़ा। यह विमान सुबह 6:10 बजे उड़ान भरने वाला था लेकिन कुछ मिनट की देरी से 6:19 पर रवाना हुआ। टेक-ऑफ के बाद तकनीकी समस्या सामने आने के बाद पायलट ने विमान को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा। जीएमआर के पीआरओ ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
इससे पहले मंगलवार को एअर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही फ्लाइट AI180 में भी तकनीकी खराबी देखी गई थी। यह ड्रीमलाइनर विमान कोलकाता में निर्धारित ठहराव पर था, जब उसके एक इंजन में समस्या की जानकारी मिली। एहतियातन यात्रियों को रात 12:45 बजे पहुंचने के बाद सुबह 5:20 बजे विमान से नीचे उतार दिया गया। उड़ान को फिलहाल रोक दिया गया है और विमान की जांच की जा रही है।
वहीं, कुछ दिन पहले हांगकांग से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI315 को भी तकनीकी समस्या की आशंका के चलते उड़ान के बीच से ही वापस हांगकांग लौटना पड़ा। यह फ्लाइट भी बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान से संचालित की जा रही थी, जो एअर इंडिया के बेड़े का हिस्सा है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने विमानन सुरक्षा को लेकर यात्रियों के बीच चिंता बढ़ा दी है। हालांकि एयरलाइंस का दावा है कि सभी एहतियाती कदम समय पर उठाए गए और यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया। विमानन नियामकों की ओर से इन मामलों की जांच की जा रही है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.