एयर इंडिया की फ्लाइट में भयंकर टर्बुलेन्स, फुकेट से दिल्ली आ रहे विमान में अचानक झटका लगने से कई यात्री घायल
एयर इंडिया की उड़ान (AI 2379) जब मंगलवार सुबह दिल्ली पहुंचने वाली थी, तभी रास्ते में तेज टर्बुलेन्स के कारण विमान अचानक नीचे की ओर आ गया। इस घटना में कुछ यात्रियों और क्रू मेंबरों को चोटें आई हैं।

New Delhi: एयर इंडिया (Air India) की एक फ्लाइट में बड़ा हादसा टल गया। फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 2379 जब मंगलवार सुबह अपनी मंजिल के करीब उतर रही थी, तब उसे भयंकर टर्बुलेन्स (खराब मौसम और हवा के झोंकों) का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक भारी गिरावट आई, जिससे विमान में अफरातफरी मच गई।
अचानक नीचे आया विमान, मची अफरातफरी
इस विमान में कुल 134 यात्री सवार थे। एयरबस A320 विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया और सभी यात्रियों व क्रू मेंबरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मेदांता मेडिकल सेंटर में चल रहा है इलाज
एयर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक, इस घटना में लगभग 10 यात्रियों और 2 क्रू मेंबरों को मामूली चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर इन सभी घायलों को एयरपोर्ट पर ही स्थित मेदांता मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
एयर इंडिया ने जारी किया आधिकारिक बयान
एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है और संबंधित अधिकारियों के साथ जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है।





