AI साइंस-टेक्नोलॉजी

मौसम पूर्वानुमान में AI की एंट्री, Nvidia ने लॉन्च किए तीन नए ओपन-सोर्स मॉडल

अमेरिका की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia ने मौसम पूर्वानुमान को बेहतर और तेज बनाने के लिए तीन नए ओपन-सोर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल लॉन्च किए हैं। इन मॉडलों की घोषणा सोमवार को अमेरिकन मेट्रोलॉजिकल सोसाइटी की वार्षिक बैठक में टेक्सास के ह्यूस्टन में की गई।

कंपनी का कहना है कि ये AI मॉडल पारंपरिक मौसम सिमुलेशन की तुलना में काफी तेज, सस्ते और ज्यादा प्रभावी हैं। अब तक मौसम का पूर्वानुमान तैयार करना एक महंगी और समय लेने वाली प्रक्रिया रही है, लेकिन Nvidia का दावा है कि उसके AI मॉडल पुराने तरीकों जितनी या उससे भी ज्यादा सटीक भविष्यवाणी कर सकते हैं।

Nvidia के क्लाइमेट सिमुलेशन रिसर्च डायरेक्टर माइक प्रिचार्ड, जो कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, इरविन में प्रोफेसर भी हैं, ने बताया कि इन मॉडलों का बड़ा फायदा बीमा कंपनियों को होगा। बीमा कंपनियां अक्सर बाढ़, तूफान और चक्रवात जैसी अत्यधिक प्राकृतिक आपदाओं का सटीक अनुमान लगाना चाहती हैं, ताकि जोखिम का बेहतर आकलन किया जा सके।

अब तक ऐसी घटनाओं की भविष्यवाणी करना मुश्किल था, क्योंकि मौसम पूर्वानुमान कई अलग-अलग संभावनाओं यानी “एन्सेंबल” के जरिए किया जाता है। इनमें हजारों अलग-अलग अनुमान शामिल होते हैं, जिन्हें तैयार करना बेहद धीमा और महंगा पड़ता था।

माइक प्रिचार्ड के मुताबिक, AI के आने से यह समस्या काफी हद तक खत्म हो गई है। उन्होंने कहा, “एक बार ट्रेनिंग पूरी हो जाने के बाद AI मॉडल पारंपरिक तरीकों से हजार गुना ज्यादा तेज काम करता है। अब बीमा कंपनियां 10,000 से ज्यादा संभावित पूर्वानुमान आसानी से चला सकती हैं।”

Nvidia के नए “Earth-2” AI मॉडल तीन तरह के काम करेंगे। पहला मॉडल 15 दिन तक का मौसम पूर्वानुमान देने में सक्षम है। दूसरा मॉडल अमेरिका में छह घंटे तक के गंभीर तूफानों की सटीक भविष्यवाणी करेगा। वहीं तीसरा मॉडल अलग-अलग मौसम सेंसर से आने वाले डेटा को जोड़कर उसे और ज्यादा उपयोगी बनाएगा।

कंपनी का मानना है कि ये AI तकनीक न सिर्फ मौसम विज्ञान को बदल देगी, बल्कि बीमा, आपदा प्रबंधन और जलवायु अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में भी बड़ा बदलाव लाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button