बिहार में रिकॉर्ड तोड़ मतदान के बाद बोले पीएम मोदी — “फिर बनेगी NDA की सरकार”

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को औरंगाबाद में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक वोटिंग से साफ हो गया है कि बिहार की जनता ने फिर से एनडीए सरकार बनाने का मन बना लिया है। पीएम मोदी ने कहा, “पहले चरण के मतदान ने बता दिया है कि बिहार की महिलाएं, किसान और युवा पहले ही तय कर चुके हैं कि उन्हें जंगलराज नहीं, सुशासन चाहिए। बिहार में फिर एक बार एनडीए की सरकार बनेगी।”
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में आरजेडी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस को भी आरजेडी के वादों पर भरोसा नहीं है, इसलिए वह उनके घोषणापत्र की बात भी नहीं करती। बिहार की जनता ने आरजेडी के झूठ के पैकेज को नकार दिया है।” मोदी ने आगे कहा, “मोदी-नीतीश का ट्रैक रिकॉर्ड सबके सामने है। हम जो कहते हैं, वह करते हैं। मैंने कहा था कि राम मंदिर बनेगा — वह हुआ। मैंने कहा था कि अनुच्छेद 370 हटेगा — वह भी हुआ।”
उन्होंने अपने भाषण में पाकिस्तान पर की गई कार्रवाई का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा, “मैंने बिहार की धरती से वादा किया था कि पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए हमने पाकिस्तान को उसकी नापाक हरकतों का जवाब दिया।” पीएम मोदी ने वन रैंक वन पेंशन (OROP) योजना का भी जिक्र किया और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “OROP योजना लागू हुए अब 11 साल हो चुके हैं। कांग्रेस सरकार ने इस योजना को लेकर सिर्फ झूठ बोला और 500 करोड़ रुपये दिखाकर कहा कि योजना लागू हो गई, जबकि असल में कुछ नहीं किया गया।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पहले चरण के मतदान को लेकर जनता का आभार जताया। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के लिए बिहार की जनता को दिल से धन्यवाद। बिहार ने पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है, अब समय है राज्य को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का।”
चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर 64.66% मतदान हुआ — जो बिहार के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा है। इस चरण में 3.75 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान ने बिहार की राजनीति को नई दिशा दी है। पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार दोनों ही इसे जनता के भरोसे की जीत बता रहे हैं, जबकि विपक्ष को जनता के मूड का इंतजार है।





