मनोरंजन

आमिर खान और दर्शील सफारी की जोड़ी फिर साथ, ‘सितारे जमीन पर’ का इंतजार खत्म

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और अब खुद आमिर ने फिल्म की रिलीज डेट की पुष्टि कर दी है।

हाल ही में एक इंटरव्यू में आमिर ने खुलासा किया कि ‘सितारे जमीन पर’ 20 जून 2025 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। फिल्म के विषय के बारे में बात करते हुए आमिर ने बताया कि यह कहानी मानसिक स्वास्थ्य के कई पहलुओं को उजागर करती है। उनके इस बयान के बाद दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।

‘सितारे जमीन पर’ को आरएस प्रसन्ना ने निर्देशित किया है और इसे 2007 में आई आमिर खान की फिल्म ‘तारे जमीन पर’ का अगला अध्याय माना जा रहा है। पहली फिल्म में डिस्लेक्सिया से जूझते एक बच्चे की भावनात्मक कहानी को संवेदनशील तरीके से पेश किया गया था। अब नई फिल्म में भी सामाजिक मुद्दों को छूने का वादा किया गया है।

‘सितारे जमीन पर’ में आमिर खान के साथ दर्शील सफारी एक बार फिर नजर आएंगे, जिन्होंने ‘तारे जमीन पर’ में इशान अवस्थी की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में जेनेलिया देशमुख भी प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म की प्रेरणा 2018 में रिलीज हुई स्पेनिश फिल्म ‘चैंपियंस’ से ली गई है, जिसका निर्देशन जेवियर फेसर ने किया था।

फिलहाल, दर्शक 20 जून का इंतजार कर रहे हैं, जब आमिर खान एक बार फिर एक दिल छू लेने वाली कहानी के साथ वापसी करेंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button