लखनऊ में तेज रफ्तार कार का कहर, 12वीं के छात्र ने कार से 6 लोगों को मारी टक्कर; एक की मौत

कानपुर लैंबोर्गिनी कार हादसे अभी ठंडा हुआ भी नहीं कि लखनऊ में एक और कार हादसे ने लोगों को खौफ में ला दिया है. लखनऊ में गुरुवार 12 फरवरी को एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे करीब 6 लोगों को टक्कर मार दी. इस हादसे में 2 महिला और 2 बच्चों सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए वहीं एक की मौत हो गई. वहीं चौकाने वाली बात यह है कि इस कार का ड्रायवर एक 12 वीं का छात्र है.
एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि कार को ट्रेस करते हुए लड़के को गिरफ्तार कर लिया. कार भी जब्त कर ली. कार को बनी गांव का एक लड़का चला रहा था. वह अवध कालिजिएट में 12वीं का छात्र है. वह और उसके साथ सवार लड़की मोहान रोड पर किसी फेयरवेल पार्टी से लौट रहे थे. उसी दौरान यह दुर्घटना हुई.
दरअसल यह मामला लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र का है जहां गुरुवार 12 फरवरी की शाम करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद कार ने वहां खड़े कई लोगों और एक खाली ऑटो को भी रौंद दिया. इस हादसे में 2 महिलाओं और 2 बच्चों सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए, जिनमें एक मासूम की मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों ने घायलों तुरंत अस्पताल ले जाने में मदद की.
कौन-कौन हुए घायल?
हादसे में बंथरा निवासी पापे उर्फ पउवा के बेटे अरमान (12) घायल हुए. इसके अलावा उन्नाव के अटवा खुर्द निवासी संजय पटेल की पत्नी साधना पटेल (35), उनकी मां मीना देवी (60) और बेटे दीक्षांत (6) भी टक्कर की चपेट में आ गए. वहीं सोहरामऊ थाना क्षेत्र के पथरहा निवासी ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी (42) भी घायल हो गए हैं. सभी घायलों को राहगीरों की मदद से पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची.
मासूम को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घायल दीक्षांत की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया. लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
हादसा करने वाले के पिता सीमेंट-सरिया के व्यवसायी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रहा लड़का और सवार लड़की दोनों ही नाबालिग हैं. जानकारी के अनुसार कार से हादसा करने वाले स्टूडेंट्स के पिता सरिया, सीमेंट व्यवसायी हैं. किसी दूसरे की कार लड़का मांगकर पार्टी में गया था. उधर, मृतक बच्चे की मां साधना ने पुलिस में कार नंबर के आधार पर लिखित शिकायत दी है.





