श्रीदेवी के फैंस के लिए खास तोहफा, प्रियंका ने शेयर की ‘एम्प्रेस’ की पहली झलक

मुंबई: दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की जयंती के मौके पर प्रियंका चोपड़ा ने उन्हें याद करते हुए उनकी जिंदगी पर आने वाली किताब ‘एम्प्रेस: द डेफिनिटिव बायोग्राफी ऑफ श्रीदेवी’ के कवर की पहली झलक शेयर की है। यह किताब श्रीदेवी की जिंदगी, फिल्मी करियर और उनकी विरासत पर आधारित होगी।
प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर किताब का कवर शेयर किया। किताब को धीरज यू. कुमार ने लिखा है और इसे वेस्टलैंड बुक्स प्रकाशित कर रहा है। किताब के कवर पर अमिताभ बच्चन की प्रतिक्रिया भी लिखी है, जिसमें उन्होंने श्रीदेवी को ‘बेमिसाल प्रतिभा की मिसाल’ बताया है। किताब जल्द ही रिलीज होने वाली है।

कवर शेयर करते हुए प्रियंका ने लिखा, “एक और सिर्फ एक। आपकी बहुत याद आती है। जन्मदिन की शुभकामनाएं।” उन्होंने इसके साथ श्रीदेवी और किताब से जुड़े हैशटैग भी लगाए। श्रीदेवी के पति बोनी कपूर ने भी प्रियंका की पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। वेस्टलैंड बुक्स ने साल 2023 में श्रीदेवी की आधिकारिक जीवनी प्रकाशित करने की घोषणा की थी।
श्रीदेवी के पूरे सफर को बताएगी किताब
यह बायोग्राफी भारतीय सिनेमा में श्रीदेवी के लंबे सफर के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी और फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान के बारे में बताएगी। श्रीदेवी ने महज चार साल की उम्र में 1967 की तमिल फिल्म ‘कंदन करुणई’ से बतौर बाल कलाकार अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।
इसके बाद उन्होंने 1972 में आई फिल्म ‘रानी मेरा नाम’ से बॉलीवुड में कदम रखा। 1980 और 1990 के दशक में श्रीदेवी भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल थीं और उन्होंने कई बड़ी हिट फिल्मों में काम किया।
श्रीदेवी ने 1996 में फिल्म निर्माता बोनी कपूर से शादी की थी। दोनों की दो बेटियां जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर हैं, जो अब बॉलीवुड में बतौर अभिनेत्री काम कर रही हैं। साल 2018 में दुबई में श्रीदेवी का निधन हो गया था। अपने शानदार फिल्मी करियर के दौरान उन्हें कई बड़े पुरस्कार मिले। साल 2013 में भारत सरकार ने उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया था।





