जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 5 श्रद्धालुओं की मौत और 14 घायल

जोधपुर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बालेसर थाना क्षेत्र में रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा टेंपो सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गया। हादसे में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों सहित 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में चल रहा है। सभी मृतक और घायल गुजरात के साबरकांठा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
यह दुर्घटना सुबह लगभग 5:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर खारी बेरी गांव के पास हुई। बालेसर थाना प्रभारी मूल सिंह भाटी के अनुसार, बाजरे की बोरियों से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे टेंपो से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक भी पलट गया।
टेंपो में आगे बैठे महेंद्र ने बताया कि सभी लोग गुजरात के साबरकांठा जिले से रामदेवरा दर्शन के लिए निकले थे। हादसे के बाद तीन श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो लोगों की मौत जोधपुर में इलाज के दौरान हुई। दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवे पर गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने रुकर घायलों की मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
बालेसर, आगोलाई और हाईवे सेवा की तीन एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को पहले बालेसर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जोधपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को बालेसर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे के बाद आसपास के लोगों और वाहन चालकों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





