बॉलीवुड को लेकर टिप्पणी पर उठा बवाल, एआर रहमान ने साझा किया भावुक संदेश

बॉलीवुड को लेकर दिए गए अपने हालिया बयान पर उठे विवाद के बाद मशहूर संगीतकार एआर रहमान ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर आलोचनाओं का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने भारत, संगीत और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से अपने रिश्ते पर खुलकर बात की।
रविवार को ऑस्कर विजेता संगीतकार ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि संगीत हमेशा से लोगों और संस्कृति से जुड़ने का उनका माध्यम रहा है। रहमान ने माना कि कभी-कभी शब्दों को अलग तरह से समझ लिया जाता है, लेकिन उनका इरादा हमेशा संगीत के जरिए सेवा करने का ही रहा है।
View this post on Instagram
एआर रहमान ने कहा, “प्रिय दोस्तों, संगीत मेरे लिए हमेशा जुड़ने, जश्न मनाने और संस्कृति का सम्मान करने का जरिया रहा है। भारत मेरी प्रेरणा है, मेरा गुरु है और मेरा घर है। मैं समझता हूं कि कभी-कभी बातों को गलत समझ लिया जाता है, लेकिन मेरा उद्देश्य हमेशा संगीत के माध्यम से लोगों को जोड़ना, सम्मान देना और सेवा करना रहा है।” उन्होंने आगे कहा, “मेरा कभी किसी को दुख पहुंचाने का इरादा नहीं रहा। मैं भारतीय होने पर गर्व महसूस करता हूं, क्योंकि यह देश मुझे अभिव्यक्ति की आज़ादी और बहुसांस्कृतिक आवाज़ों को सम्मान देने का अवसर देता है।”
अपने रचनात्मक सफर के बारे में बात करते हुए रहमान ने कई प्रोजेक्ट्स का जिक्र किया, जिन्होंने उनके उद्देश्य को और मजबूत किया। उन्होंने ‘जला’ प्रोजेक्ट, युवा नागा संगीतकारों के साथ काम, सनशाइन ऑर्केस्ट्रा को मार्गदर्शन देने और भारत के पहले मल्टीकल्चरल वर्चुअल बैंड ‘सीक्रेट माउंटेन’ को बनाने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने हॉलीवुड संगीतकार हांस ज़िमर के साथ ‘रामायण’ के लिए संगीत देने को भी अपने सफर का अहम हिस्सा बताया।
रहमान ने कहा, “इन सभी अनुभवों ने मुझे यह एहसास कराया कि संगीत के जरिए मैं अतीत का सम्मान कर सकता हूं, वर्तमान को संजो सकता हूं और भविष्य को प्रेरित कर सकता हूं। जय हिंद, जय भारत।”
यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब एआर रहमान ने BBC एशियन नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि पिछले कुछ वर्षों में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से उन्हें काम कम मिला है। उन्होंने इसके लिए इंडस्ट्री में पिछले आठ सालों में आए बदलावों को जिम्मेदार बताया था। इस बयान के बाद सोशल मीडिया और फिल्म जगत में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
अभिनेत्री और फिल्ममेकर कंगना रनौत ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए आरोप लगाया कि एआर रहमान ने उनकी निर्देशित फिल्म ‘इमरजेंसी’ के लिए न सिर्फ संगीत देने से इनकार किया, बल्कि उनसे मिलने से भी मना कर दिया। कंगना का कहना था कि रहमान ने फिल्म को “प्रोपेगेंडा फिल्म” बताकर इससे दूरी बनाई।
फिलहाल एआर रहमान के बयान को लेकर चर्चा जारी है और फिल्म इंडस्ट्री व दर्शकों के बीच इस मुद्दे पर राय बंटी हुई नजर आ रही है।





