बच्चों के इंटरनेट इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक सही नहीं, सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि इंटरनेट का इस्तेमाल करना हर व्यक्ति का मौलिक अधिकार है और इसमें बच्चे भी शामिल हैं, चाहे उनकी उम्र कुछ भी हो। अदालत ने साफ किया कि बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के नाम पर उन पर इंटरनेट इस्तेमाल करने को लेकर पूरी तरह रोक लगाना सही नहीं है। इससे उनकी आजादी, निजता और ऑनलाइन किसी तरह के शोषण का सामना करने पर मदद मांगने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी चंद्रन की पीठ ने 15 अक्टूबर को दिए अपने आदेश में यह बात कही। अदालत ने कहा कि इंटरनेट इस्तेमाल करने का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 और अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत मिलने वाले जीवन, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी के अधिकार से जुड़ा है।
पीठ ने कहा, “बच्चों की सुरक्षा और उनकी आजादी एक-दूसरे के खिलाफ नहीं हैं। बच्चों को दोनों का अधिकार है।” अदालत इंटरनेट पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री (CSEAM) की पहचान करने और उसे हटाने के उपायों पर विचार कर रही थी। इसी दौरान बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने को लेकर दुनिया भर में चल रही बहस पर भी अदालत ने अपनी राय रखी।
बच्चों के इंटरनेट इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने के पक्ष में नहीं सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने माना कि बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने की चिंता जायज है, लेकिन इसके लिए इंटरनेट के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाना सही तरीका नहीं है। अदालत के मुताबिक, इंटरनेट आज शिक्षा, जानकारी हासिल करने और समाज से जुड़ने का एक अहम माध्यम बन चुका है।
अदालत ने कहा कि बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल के लिए न्यूनतम उम्र तय करने जैसे प्रतिबंधों का असर भी सीमित हो सकता है। ऐसे नियम बच्चों को कम सुरक्षित और बिना निगरानी वाले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की ओर ले जा सकते हैं। पीठ ने अपने आदेश में कहा कि बच्चों को उनकी उम्र के आधार पर इंटरनेट इस्तेमाल करने के मौलिक अधिकार से पूरी तरह वंचित करना सही नहीं होगा।
दूरदराज के इलाकों में बच्चों के लिए इंटरनेट अहम
अदालत ने इंटरनेट के महत्व पर बात करते हुए कहा कि यह सिर्फ जानकारी हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि बच्चों को सीखने, अपनी बात रखने और दूसरों से जुड़ने का मौका भी देता है।
सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, दूरदराज के इलाकों में रहने वाले कई बच्चों के लिए इंटरनेट पढ़ाई और जानकारी हासिल करने का एकमात्र साधन हो सकता है। वहीं, विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए यह अपने जैसे लोगों से जुड़ने और बातचीत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। पीठ ने यह भी कहा कि केवल कानून बनाकर बच्चों को इंटरनेट से दूर नहीं रखा जा सकता। प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद बच्चे इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकते हैं और ऐसे प्लेटफॉर्म पर पहुंच सकते हैं, जहां उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
ऑनलाइन शोषण की शिकायत करने से डर सकते हैं बच्चे
सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के एक और नुकसान की ओर ध्यान दिलाया। अदालत के मुताबिक, अगर बच्चों को इंटरनेट इस्तेमाल करने पर सजा मिलने का डर होगा, तो वे ऑनलाइन धमकी, बहकावे या शोषण का सामना करने पर अपने माता-पिता, अभिभावकों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी देने से बच सकते हैं।
अदालत ने कहा कि इससे बच्चों की सुरक्षा और कमजोर हो सकती है। साथ ही, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण करने वाले कानून (POCSO) के उद्देश्य को भी नुकसान पहुंच सकता है। पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने भर से ऑनलाइन आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार नहीं रुकेगा। ऐसी सामग्री बनाने और फैलाने वालों पर कार्रवाई करना और उसे इंटरनेट से हटाना भी जरूरी है।
बच्चों पर नहीं, नुकसान पहुंचाने वालों पर हो कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए बनाई जाने वाली नीतियों का लक्ष्य आपत्तिजनक सामग्री और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना होना चाहिए, न कि बच्चों पर प्रतिबंध लगाना।
अदालत के मुताबिक, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, पुलिस और संबंधित नियामक संस्थाओं को मिलकर ऐसी सामग्री की पहचान करने और उसे हटाने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। पीठ ने कहा कि प्लेटफॉर्म और अधिकारियों की नाकामी के कारण बच्चों को इंटरनेट से दूर रखना ऐसा होगा, जैसे समस्या के लिए जिम्मेदार लोगों के बजाय पीड़ित को ही दोषी ठहराया जा रहा हो।