लोकसभा में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर 8 दिसंबर को 10 घंटे की विशेष चर्चा

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि लोकसभा में अगले सप्ताह दो महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। सोमवार, 8 दिसंबर को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी, जबकि मंगलवार, 9 दिसंबर को चुनाव सुधारों पर विचार होगा। यह निर्णय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक और बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) की बैठक के बाद लिया गया।
रिजिजू ने एक्स पर पोस्ट करके जानकारी दी कि दोनों चर्चाएँ दोपहर 12 बजे से शुरू होंगी। ‘वंदे मातरम्’ पर होने वाली ऐतिहासिक चर्चा के लिए 10 घंटे का समय निर्धारित किया गया है, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। माना जा रहा है कि इसमें राष्ट्रगीत के इतिहास, उसके महत्व और समकालीन भारत में उसकी भूमिका पर विस्तार से बात होगी।
During the All Party Meeting Chaired by Hon’ble Speaker Lok Sabha today, it has been decided to hold discussion in Lok Sabha on 150th Anniversary of National Song ‘Vande Mataram’ from 12 Noon on Monday 8th Dec and discussion on Election Reforms from 12 noon on Tuesday 9th Dec.
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) December 2, 2025
शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा की कार्यवाही बिना किसी व्यवधान के सुचारु रूप से चलाने पर भी सहमति बन गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी में हुई फ्लोर लीडर्स की बैठक में सभी दलों ने गंभीर विषयों पर केंद्रित होकर सदन चलाने का भरोसा दिया।
बीएसी की बैठक में यह भी तय हुआ कि 9 दिसंबर को चुनाव सुधारों पर 10 घंटे की लंबी बहस होगी। इसमें सरकार और विपक्ष दोनों अपनी राय रखेंगे। इस बहस के बाद 10 दिसंबर को केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सरकार की ओर से जवाब देंगे।
1 दिसंबर से शुरू हुआ संसद का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें होंगी। हालांकि शुरुआत के दो दिन लोकसभा में हंगामे के कारण प्रभावित रहे, लेकिन आगामी बैठकों में महत्वपूर्ण विधायी कार्य और राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्रित चर्चा होने की उम्मीद है।





