“मोदी ने गारंटी दी है कि अगले कार्यकाल में दुनिया की टॉप इकोनॉमी में…”: ग्वालियर में बोले पीएम मोदी

ग्वालियर (मध्य प्रदेश): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मप्र के ग्वालियर में विकास पहलों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे जहां उन्होंने लगभग 19,260 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास. पीएम ने कहा, मोदी ने गारंटी दी है कि अगले कार्यकाल में दुनिया की टॉप इकोनॉमी में एक नाम हमारे हिंदुस्तान का होगा. इससे भी सत्ता भूखे कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है.
पीएम ने कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित करते हुए कहा, अभी यहां लगभग 19000 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है. आज मध्य प्रदेश के करीब सवा 2 लाख परिवार अपने नए घर में प्रवेश कर रहे हैं. पीएम ने आगे कहा, बीते वर्षों में हमारी सरकार ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से देश के टॉप 10 राज्यों में लाई है और यहां से हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को देश के टॉप 3 राज्यों में ले जाने का है.
पीएम नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ग्वालियर ने देश के लिए एक से एक क्रांतिवीर दिए हैं. गवालियर, चंबल ने राष्ट्र रक्षा के लिए, हमारी सेना के लिए अपनी वीर संतानें दी हैं. ग्वालियर ने भाजपा की नीति और नेतृत्व को भी आकार दिया है. आज पूरी दुनिया, भारत का गौरवगान कर रही है. आज दुनिया को भारत में अपना भविष्य दिखता है. लेकिन जो लोग राजनीति में उलझे हुए हैं, जिन्हें कुर्सी के सिवाय कुछ नहीं दिखता है उन्हें दुनिया में भारत का डंका बजना अच्छा नहीं लगता.
पीएम ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, मध्य प्रदेश का विकास वो लोग नहीं कर सकते, जिनके पास न तो कोई नई सोच है न विकास का रोड मैप है इन लोगों का सिर्फ एक ही काम है देश की प्रकृति से नफरत, भारत की योजनाओं से नफरत, अपनी नफरत में ये देश की उपलब्धियों को भी भूल जाते हैं.





