विपक्ष का एक और दांव, I.N.D.I.A गठबंधन के सांसदों की टीम जाएगी मणिपुर, 29-30 जुलाई को करेगी दौरा
विपक्ष का एक और दावं, I.N.D.I.A गठबंधन के सांसदों की टीम जाएगी मणिपुर, 29-30 जुलाई को करेगी दौरा
मणिपुर हिंसा को लेकर संसद में विरोध प्रदर्शन करने और अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद अब विपक्ष ने एक और दांव खेला है। विपक्ष ने आज गुरुवार को यह जानकारी दी थी है कि I.N.D.I.A गठबंधन के सांसदों की एक टीम 29 और 30 जुलाई को मणिपुर दौरे पर जाएगी।
I.N.D.I.A गठबंधन के सांसदों की टीम 29 और 30 जुलाई को मणिपुर का दौरा करेगी।#INDIA pic.twitter.com/kRE9BB0iKF
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) July 27, 2023
दरअसल, अभी हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें कुछ पुरषों द्वारा मणिपुर में दो कुकी समुदाय की महिलाओं को निर्वस्त्र करके परेड कराते हुए देखा जा सकता है। इसी वीडियो को लेकर मणिपुर की सड़कों से लेकर देश की संसद तक अब बवाल मचा हुआ है।
इस मामले में स्थानीय पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार की शाम को थौबल जिले से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अब इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है। पुलिस ने वीडियो के जरिए 14 लोगों की पहचान की थी। महिलाओं की नग्न स्थिति में वायरल हुई वीडियो की पूरे देशभर में कड़ी निंदा की गई थी।
गौरतलब है कि मणिपुर में मैतेई समुदाय की अनुसूचित जनजाति (एसटी) की स्थिति की मांग के विरोध में राज्य के पहाड़ी जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ का आयोजन किया गया था। धीरे-धीरे यह प्रदर्शन, हिंसा में बदल गया। बता दें कि 3 मई को राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से अब तक 160 से अधिक लोगों ने अपनी जान गवाई है। जबकि कई लोग इस दौरान घायल भी हुए हैं।





