फैक्ट चेक: कर्नाटक में काग्रेस की जीत के बाद नहीं लहराए गए पाकिस्तानी झंडे, फर्जी दावा हुआ वायरल

फैक्ट चेक: कर्नाटक में काग्रेस की जीत के बाद नहीं लहराए गए पाकिस्तानी झंडे, फर्जी दावा हुआ वायरल
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिल गया है। अब राज्य में नया मुख्यमंत्री चुने जाने की कवायद भी तेज हो चली है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल है। इस वीडियो के जरिए दावा किया जा रहा है कि कर्नाटक में कांग्रेस की अभी सरकार भी नहीं बनी, लेकिन अभी से राज्य में पाकिस्तानी झंडे लहराए जाने लगे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इस पोस्ट को शेयर कर कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण का भी आरोप लगा रहे हैं।
फेसबुक पर वायरल वीडियो शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन के साथ लिखा गया है कि ‘कर्नाटक में कांग्रेस सरकार का शपथ ग्रहण भी नहीं हुआ और कांग्रेसी कार्यकर्ता पाकिस्तान जिन्दाबाद और पाकिस्तान का झंडा भी फहराने लगे….आगे देखिये क्या होता है।’

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक :
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम के साथ कुछ कीवर्ड को गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें वर्था भारती की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट मिली जिसमें इस झंडे को लेकर खबर छापी गई है।

उत्तर कन्नडा जिले के पुलिस प्रमुख आईपीएस विष्णुवर्धन एन के हवाले से लिखा गया है कि भटकल विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद हरे और केसरिया झंडे लहराकर लोगों ने ख़ुशी का इजहार किया। समाचार संस्था से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जीत की ख़ुशी में भटकल में लहराया गया झंडा पाकिस्तान का नहीं बल्कि एक धार्मिक झंडा है। पुलिस कप्तान ने सोशल मीडिया यूजर्स से गलत जानकारी न शेयर करने की भी अपील की है।
पाकिस्तानी झंडे और वायरल झंडे के बीच तुलनात्मक अध्ययन को नीचे देख सकते हैं।

इस दौरान हमने पाया कि पाकिस्तान के झंडे में एक सफ़ेद रंग की सीधी पट्टी है, वहीं वायरल झंडे में ऐसा कोई पट्टी नहीं है। इसके साथ ही पाकिस्तान के राष्ट्रीय ध्वज पर बने चाँद और तारे की दिशा दूसरी वहीँ वायरल झंडे में चाँद और तारे की दिशा दूसरी है। जिसके चलते यह स्पष्ट हो जाता है कि वायरल झंडा पाकिस्तान का नहीं।
कुछ कीवर्ड की सहायता से खोजने पर हमें शाहिल ऑनलाइन नामक यूट्यूब चैनल द्वारा 14 मई को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इस वीडियो में वायरल क्लिप के हिस्से को देख सकते हैं। इस वीडियो में कांग्रेस के झंडे के साथ भगवा और इस्लामिक झंडा भी फहराया जा रहा है। इसी झंडे की की क्लिप को क्रॉप कर सोशल मीडिया पर इसे पाकिस्तान का झंडा बताकर दुष्प्रचार किया जा रहा है।
बता दें कि इससे पहले भी कई बार कांग्रेस रैलयों में पाकिस्तानी झंडे को लेकर कई भ्रामक दावे वायरल हो चुकें हैं ऐसे ही दावे को यहाँ पढ़ सकते हैं।
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से यह साबित होता है कि सोशल मीडिया पर जिस झंडे को पाकिस्तान का बताया गया है वह असल में एक इस्लामिक झंडा है। सोशल मीडिया पर वायरल इस झंडे को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।





