NM VERIFIED: शाहरुख खान और अमीना खलील का वायरल वीडियो फर्जी, फैक्ट चेक में खुलासा

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और मिस्र की अभिनेत्री अमीना खलील एक साथ मंच पर अवॉर्ड प्रस्तुत कर रहे हैं।

हालांकि, फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ है। जांच में पता चला कि यह वीडियो असली नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है।
जांच के दौरान वीडियो के कई फ्रेम की रिवर्स इमेज सर्च की गई और इससे जुड़े कीवर्ड भी खोजे गए। लेकिन ऐसा कोई विश्वसनीय सबूत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो सके कि शाहरुख खान और अमीना खलील ने कभी साथ में अवॉर्ड प्रेजेंट किया हो। दोनों कलाकारों के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी ऐसा कोई वीडियो मौजूद नहीं है। साथ ही किसी भरोसेमंद मीडिया रिपोर्ट में भी इस घटना का जिक्र नहीं मिला।

वीडियो की फ्रेम-दर-फ्रेम जांच में कई गड़बड़ियां सामने आईं। इसमें चेहरों का अस्वाभाविक दिखना, होंठों का आवाज से मेल न खाना, शरीर की हरकतों में गड़बड़ी, रोशनी और परछाइयों का असामान्य होना तथा बैकग्राउंड का कृत्रिम दिखना जैसे संकेत मिले। ये सभी AI से बनाए गए वीडियो की पहचान माने जाते हैं।
वीडियो की पुष्टि के लिए इसे Hive Moderation AI डिटेक्शन टूल से भी जांचा गया। इस टूल ने भी वीडियो को उच्च संभावना के साथ AI-जनरेटेड बताया। जांच के आधार पर साफ है कि शाहरुख खान और अमीना खलील को एक साथ अवॉर्ड प्रस्तुत करते हुए दिखाने वाला वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी है। यह AI की मदद से तैयार किया गया है और इसका वास्तविक घटना से कोई संबंध नहीं है।





