‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ में भूमि पेडनेकर की एंट्री, ऋषभ शेट्टी संग आएंगी नजर

दक्षिण भारतीय अभिनेता ऋषभ शेट्टी, जिन्होंने ‘कांतारा’ और ‘कांतारा: चैप्टर 1’ से दर्शकों का दिल जीता, अब बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। वह फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ में छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभाते नजर आएंगे। अब इस फिल्म से जुड़ा नया अपडेट सामने आया है। फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर की भी एंट्री हो गई है। सोमवार को मेकर्स ने इसकी आधिकारिक घोषणा की।
फिल्म में भूमि पेडनेकर बेलवाडी मल्लम्मा का किरदार निभाएंगी। मल्लम्मा एक वीर और साहसी योद्धा रानी थीं, जिन्हें उनकी बहादुरी और संघर्ष के लिए जाना जाता है। कहा जाता है कि उन्होंने देश की पहली महिला सैनिक टुकड़ी बनाई थी। यह भी माना जाता है कि उन्होंने अपने चार महीने के बेटे को गोद में लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना के खिलाफ युद्ध लड़ा था।
फिल्म की स्टार कास्ट में ऋषभ शेट्टी, भूमि पेडनेकर, शेफाली शाह, अर्जुन रामपाल और विवेक ओबेरॉय शामिल हैं। फिल्म का निर्देशन और निर्माण संदीप सिंह कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म 500 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट में बनाई जाएगी और इसे दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहले भाग को अगले साल जनवरी तक रिलीज किए जाने की संभावना है।
फिल्म का संगीत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार अमित त्रिवेदी तैयार करेंगे, जबकि इसके गीत प्रसून जोशी लिखेंगे। फिल्म की कहानी ऋषि विरमानी ने लिखी है। मेकर्स को उम्मीद है कि फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू हो जाएगी।





