‘रामायण’ ट्रेलर रिलीज के लिए तैयार, मिला ‘U’ सर्टिफिकेट

मुंबई: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। अब फिल्म के ट्रेलर को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म के ट्रेलर को ‘U’ सर्टिफिकेट दे दिया है। इसका मतलब है कि ट्रेलर को हर उम्र के दर्शक देख सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा। CBFC की वेबसाइट पर ट्रेलर के दो वर्जन का जिक्र किया गया है। इनमें एक ट्रेलर 4 मिनट 15 सेकंड का है, जबकि दूसरा 4 मिनट लंबा है। दोनों ट्रेलर को ‘U’ सर्टिफिकेट मिला है। हालांकि, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कौन-सा वर्जन रिलीज होगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
View this post on Instagram
मेकर्स पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि 24 जुलाई को ट्रेलर रिलीज के साथ फिल्म का प्रमोशन भी शुरू होगा। ट्रेलर लॉन्च का कार्यक्रम नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा और फिल्म की स्टार कास्ट के कई सदस्य मौजूद रहेंगे।
फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी दमदार है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, काजल अग्रवाल मंदोदरी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और कुणाल कपूर भगवान इंद्र का किरदार निभाएंगे। इसके अलावा आदिनाथ कोठारे, लारा दत्ता, शीबा चड्ढा और अरुण गोविल भी फिल्म का हिस्सा हैं।
करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 पर और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा।





