ताज़ा खबरेंभारत

PM मोदी देंगे भारत को पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात, 17 जुलाई को होगा ऐतिहासिक शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब ₹26,800 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरे की सबसे बड़ी खासियत होगी भारत की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाना, जिसे पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार किया गया है।

भारत की पहली Hydrogen Train होगी लॉन्च

प्रधानमंत्री मोदी जींद- सोनीपत रूट पर देश की पहली Hydrogen Powered Train को रवाना करेंगे। यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है, जो हाइड्रोजन से बिजली बनाकर चलती है और इसके संचालन के दौरान केवल जलवाष्प (Water Vapour) निकलती है। इससे कार्बन उत्सर्जन शून्य रहेगा और पर्यावरण को नुकसान नहीं होगा।

10 कोच वाली इस ट्रेन में 3,200 हॉर्सपावर (HP) का शक्तिशाली प्रोपल्शन सिस्टम लगाया गया है, जिससे यह दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन यात्री ट्रेनों में शामिल हो गई है।

हरियाणा को मिलेंगी ₹14,700 करोड़ की परियोजनाएं

हरियाणा में प्रधानमंत्री करीब ₹14,700 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें ₹12,470 करोड़ से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं शामिल हैं।

इन परियोजनाओं में दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के कई पैकेज, अंबाला-काला अंब हाईवे, जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे, हांसी-बरवाला हाईवे और कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री पंडित नेकी राम शर्मा मेडिकल कॉलेज (भिवानी), महार्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुलाराम अस्पताल (नारनौल) का उद्घाटन करेंगे। वहीं कुरुक्षेत्र में बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे।

चंडीगढ़ में स्वास्थ्य और शिक्षा को मिलेगी मजबूती

चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री ₹6,600 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें PGIMER का एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर, एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर और 150 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक शामिल है।

इसके अलावा आईटी सिटी-कुराली ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन और जीरकपुर ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला भी रखी जाएगी।

पंजाब को भी मिलेगी बड़ी सौगात

पंजाब के जालंधर में प्रधानमंत्री ₹5,470 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया जाएगा।

इसके साथ ही दौलतपुर चौक-करटोली रेल लाइन का उद्घाटन होगा और करटोली-अंबाला तथा अमृतसर (छेहर्ता)-वाराणसी ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

प्रधानमंत्री दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और दक्षिणी लुधियाना बाईपास जैसी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।

स्वच्छ परिवहन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा देश में ग्रीन ट्रांसपोर्ट, आधुनिक रेलवे नेटवर्क और बेहतर सड़क संपर्क को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भारत को स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन की दिशा में नई पहचान देगा, जबकि नई सड़क, रेलवे और स्वास्थ्य परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास को गति देंगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button