
हैदराबाद: हैदराबाद में तीन दिन से जारी दहशत और सघन तलाशी अभियान का दुखद अंत हुआ है। POCSO मामले के आरोपी राज कुमार का शव सोमवार दोपहर रंगा रेड्डी जिले के कोथुर मंडल स्थित पंजरला गांव में मिला है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या की है।
60 घंटे तक जारी रही तलाश
राज कुमार पर कुल छह लोगों की हत्या का आरोप था। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात आरोपी ने उस 16 वर्षीय लड़की के घर जाकर उसकी मां और दादी की हत्या कर दी, जिसने मई में उसके खिलाफ POCSO का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद वह लड़की को जबरन अपनी कार में ले गया और पास की एक झील के पास उसकी भी हत्या कर दी।
अपने परिवार को भी नहीं छोड़ा
अपनी दरिंदगी को जारी रखते हुए, राज कुमार अपने घर लौटा और वहां अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटों की भी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि इसके बाद उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसने छह लोगों को मार दिया है और अब वह खुद भी जान देने जा रहा है। इसके बाद उसने अपना फोन बंद कर लिया था।
ऐसे मिली जानकारी
घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही थीं। सोमवार को पंजरला गांव के पास एक रियल एस्टेट वेंचर में स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात शव देखा और ‘डायल 100’ पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुष्टि की कि मृतक वही राज कुमार है, जिसकी तलाश पुलिस पिछले ढाई दिनों से कर रही थी। शव के पास से कीटनाशक की एक बोतल भी बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और आगे की जांच जारी है।





