
हैदराबाद: फिनलैंड में पिछले दो महीनों से लापता हैदराबाद के एक छात्र मनिदीप रेड्डी का शव बरामद कर लिया गया है। भारतीय दूतावास ने परिवार को सूचित किया कि छात्र का शव हेलसिंकी के समुद्र में मिला है। मनिदीप रेड्डी फिनलैंड के एलयूटी (LUT) यूनिवर्सिटी में सॉफ्टवेयर एंड सिस्टम्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे।
परिवार ने उठाए सवाल
मनिदीप के परिवार के वकील, केएलबी कुमार ने इस घटना को स्वाभाविक मौत मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा, “हमें कई संदेह हैं। दो महीने बाद शव मिला है। हमें पक्का यकीन है कि यह संदिग्ध मौत है, न कि कोई प्राकृतिक मौत।”
वकील के अनुसार, मनिदीप को आखिरी बार 5 मई को हेलसिंकी के एक मॉल में देखा गया था। परिवार का आरोप है कि फिनिश सरकार मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और जांच सही ढंग से नहीं की गई है।
जांच में लापरवाही का आरोप
मनिदीप के पिता गुज्जा मुथयम रेड्डी ने पहले बताया था कि 29 मई के बाद से फिनलैंड के अधिकारियों ने परिवार से पूरी तरह संपर्क तोड़ लिया था। पिता के अनुसार, बार-बार ईमेल और फोन करने के बावजूद उन्हें जांच की प्रगति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।
अब परिवार ने केंद्र सरकार से मांग की है कि उन्हें फिनलैंड जाने की अनुमति दी जाए ताकि वे खुद वहां जाकर जांच कर सकें और अपने बेटे का शव देख सकें।





