अमेरिकी Navy में भारतीय मूल की छात्रा का कमाल, 300 कैडेट्स की कमान संभालकर बढ़ाया देश का मान
न्यूयॉर्क के बेंजामिन एन. कार्डोजो हाई स्कूल में पढ़ने वाली 17 वर्षीय रिद्धि चौहान ने NJROTC प्रोग्राम में सर्वोच्च पद हासिल कर इतिहास रच दिया है।

न्यूयॉर्क: अमेरिका में भारतीय मूल की एक होनहार छात्रा ने अपनी मेहनत और नेतृत्व क्षमता से दुनियाभर में सुर्खियाँ बटोरी हैं। न्यूयॉर्क के रहने वाली 17 वर्षीय रिद्धि चौहान को उनके स्कूल के ‘नेवी जूनियर रिज़र्व ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉर्प्स’ (NJROTC) यूनिट में ‘बटालियन कमांडिंग ऑफिसर’ नियुक्त किया गया है। यह इस प्रोग्राम में मिलने वाला सर्वोच्च छात्र पद है।

300 छात्रों की संभाल रही हैं कमान
रिद्धि चौहान वर्तमान में लगभग 300 छात्रों की बटालियन का नेतृत्व कर रही हैं। वे न केवल बटालियन के दैनिक कार्यों की देखरेख करती हैं, बल्कि छात्रों की ट्रेनिंग और उनके कल्याण (कौशल विकास) की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रही हैं। रिद्धि बताती हैं कि सप्ताह में चार दिन वे सुबह 7 बजे से पहले स्कूल पहुँच जाती हैं और ड्रिल प्रैक्टिस से अपने दिन की शुरुआत करती हैं।
बचपन से ही है नेतृत्व का जुनून
रिद्धि इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार और आध्यात्मिक संस्कारों को देती हैं। उन्होंने बताया कि BAPS स्वामीनारायण संस्था के आध्यात्मिक गुरु महंत स्वामी महाराज के मार्गदर्शन और वहां के युवा प्रशिक्षण कार्यक्रमों ने उनके जीवन को एक नई दिशा दी है। उन्होंने शैक्षणिक कमांडर और STEM कमांडर के रूप में भी बेहतरीन काम किया है।
नेवल ऑफिसर बनने का सपना
अपनी मेहनत के दम पर रिद्धि अब यूनाइटेड स्टेट्स नेवल एकेडमी (USNA) में जाने की तैयारी कर रही हैं। फिलहाल, वे नेवल एकेडमी प्रिपरेटरी स्कूल में प्रवेश लेने वाली हैं। रिद्धि चौहान के माता-पिता, रुचिका और दिलीप चौहान, मूल रूप से राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हैं।





