PM मोदी के न्यूजीलैंड दौरे से पहले बड़ा ऐलान, 57% भारतीय निर्यात होगा शुल्क मुक्त

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रस्तावित भारत-न्यूजीलैंड व्यापार समझौते को लेकर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह समझौता न्यूजीलैंड के कारोबारियों के लिए भारतीय बाजार में नए अवसर खोलेगा और दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करेगा।
लक्सन ने कहा कि इस समझौते के लागू होने के बाद न्यूजीलैंड से भारत को होने वाले कुल निर्यात का 57 फीसदी हिस्सा पहले ही दिन से शुल्क मुक्त हो जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत के साथ व्यापार समझौते से न्यूजीलैंड के कारोबार को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 से 11 जुलाई तक होने वाली न्यूजीलैंड यात्रा से पहले आया है। पीएम मोदी करीब चार दशक बाद न्यूजीलैंड की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। यह दौरा न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर हो रहा है।
अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ऑकलैंड में पीएम लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता व्यापार, रक्षा, वाणिज्य और अन्य अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, हाल के वर्षों में भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों में तेजी आई है। दोनों देश व्यापार, निवेश, तकनीक और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं।
पीएम मोदी अपनी यात्रा के दौरान न्यूजीलैंड के प्रमुख कारोबारियों, खेल हस्तियों और भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। वह वहां भारतीय प्रवासियों को संबोधित भी करेंगे।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर भी रहेगा फोकस
न्यूजीलैंड पीएम मोदी के तीन देशों के दौरे का आखिरी पड़ाव है। यह यात्रा 6 जुलाई को इंडोनेशिया से शुरू हुई थी और इसके बाद पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया पहुंचे।
इस दौरे का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत के प्रमुख साझेदार देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना है। इसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
बदलते वैश्विक हालात और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती चुनौतियों के बीच भारत और उसके साझेदार देश आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और आर्थिक साझेदारी को बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।




